Main Slideन्यूज़ निबंध

CM Dhami News : सहसपुर में लगा जनसेवा शिविर,सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंचकर कर रही समस्याओं का समाधान-सीएम धामी

देहरादून,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, सहसपुर में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है। सरकार की प्राथमिकता है कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सरकार स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का वास्तविक अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित प्रशासन होता है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान ने शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत किया है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में यह एक प्रभावी माध्यम सिद्ध हुआ है।

उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में पैंसठ दिनों के दौरान लगभग सात सौ जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया। अकेले देहरादून जनपद में आयोजित छियालीस शिविरों में साठ हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की तथा लगभग उनतालीस हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया। चार जुलाई से प्रारंभ हुए सेवा पखवाड़े में अब तक चौंसठ हजार से अधिक नागरिकों ने प्रतिभाग किया है। इस दौरान प्राप्त पांच हजार पांच सौ सड़सठ जनसमस्याओं में से चार हजार नौ सौ इककावन का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया है तथा दो हजार पांच सौ बाइस नागरिकों को विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं सेवाओं से लाभान्वित किया गया है।

सहसपुर के इस शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने अपना पंजीकरण कराया। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण-पत्र एवं अन्य सहायता वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने इस दौरान जनता की समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

कारबारी ग्रांट निवासी सुमन बासकंडी ने साईलोक कारबारी ग्रांट में तीस सोलर लाइट लगाने की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने एमडीडीए को दो माह के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए। स्थानीय निवासी बबली गुप्ता के मांगपत्र पर मुख्यमंत्री ने उन्हें तुरंत सिलाई मशीन उपलब्ध कराने को कहा। सेलाकुईं नगर पंचायत के सभासद अनिल नौटियाल द्वारा आंतरिक मार्गों और जल निकासी की मांग पर शहरी विकास निदेशालय को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त भाऊवाला में श्मशान घाट निर्माण के लिए दो माह तथा अटकफार्म और सेंट्रल होपटाउन में बंदोबस्त कार्य की दिक्कतों को पंद्रह दिनों में दूर करने के निर्देश दिए गए। ग्राम बडोवाला में डिस्पेंसरी और एंबुलेंस की मांग पर स्वास्थ्य विभाग को एक माह में कार्रवाई करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई है। युवाओं के हितों की रक्षा के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप लगभग चौंतीस हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया से सरकारी सेवाएं मिली हैं। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सहसपुर सहदेव सिंह पुण्डीर, दायित्वधारी विनय रोहिला, पुनीत मित्तल, ओमवीर सिंह, भुवन विक्रम डबराल, भाजपा के जिलाध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह एवं जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button