NDA कॉन्क्लेव में PM मोदी से मिले CM पुष्कर सिंह धामी, देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दी बधाई

नई दिल्ली/देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के भव्य कॉन्क्लेव में हिस्सा लिया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया।
पीएम मोदी के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर दी बधाई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पूरे उत्तराखंड की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने देश में लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री (Longest-serving elected Prime Minister) के रूप में एक नया और गौरवशाली कीर्तिमान स्थापित किया है।
“पीएम मोदी का नेतृत्व राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा” बैठक के बाद मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री जी का ऊर्जावान नेतृत्व और मार्गदर्शन हमेशा देवभूमि उत्तराखंड के विकास और देश के विकास के लिए एक नई ऊर्जा का संचार करता है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर चलते हुए देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। एनडीए कॉन्क्लेव में शामिल हुए सभी घटक दलों के नेताओं ने भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर अपना अटूट विश्वास जताया।



