उत्तराखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज: 8 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, डीएम डॉ. आशीष चौहान ने दिए त्रुटिरहित कार्य के निर्देश

देहरादून,जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर निर्वाचन अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। डीएम ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी ईआरओ को बूथवार बीएलए-2 की नियुक्ति तत्काल सुनिश्चित करने और बीएलओ व सुपरवाइजरों को व्यापक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करना और मृत, स्थानांतरित या अनुपस्थित मतदाताओं के नाम हटाना है ताकि एक शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार हो सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गहराई से अध्ययन करें और फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद देहरादून की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में 13 लाख 80 हजार 800 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-एसआईआर अभियान के तहत अब तक लगभग 80.38 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर है। आंकड़ों के अनुसार, जनपद में 33,008 मृत, 1,45,797 स्थानांतरित और 47,923 अनुपस्थित मतदाताओं की पहचान हुई है।
चुनाव आयोग के शेड्यूल के अनुसार, 14 जुलाई को मतदाता सूची के प्रथम ड्राफ्ट का प्रकाशन होगा। इसके बाद 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका निस्तारण 11 सितंबर तक कर लिया जाएगा। अंततः 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा के लिए ईसीआई-नेट और ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ जैसी डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध हैं, साथ ही टोल-फ्री नंबर 1950 के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।



