देहरादून पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: अंतरराष्ट्रीय कोबरा गैंग के दो विदेशी पैडलर गिरफ्तार, 20 लाख की कोकीन बरामद

देहरादून,राजधानी देहरादून की पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। राजपुर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अंतरराष्ट्रीय कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी नागरिकों समेत तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत की 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की है।
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच और पूछताछ में ये बात सामने आई है कि बरामद की गई कोकीन की यह बड़ी खेप दिल्ली से लाई गई थी। तस्करों का इरादा इसे देहरादून के विभिन्न इलाकों और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में महंगे दामों पर सप्लाई करने का था। गिरफ्तार किए गए विदेशी नागरिक अंतरराष्ट्रीय कोबरा गैंग के बेहद सक्रिय सदस्य हैं। ये आरोपी अपने देश से भारत आने-जाने के दौरान दिल्ली को अपना मुख्य केंद्र बनाते थे और वहां से नशा लाकर देहरादून के शिक्षण संस्थानों व पार्टियों में नेटवर्क के जरिए बेचते थे।
पूछताछ में पुलिस के हाथ कई अन्य अहम सुराग और खुलासे भी हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कुख्यात कोबरा गैंग के कई सदस्यों को पहले भी जेल भेजा जा चुका है और उनसे भी भारी मात्रा में कोकीन बरामद हुई थी। पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट और ड्रग्स नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि इनसे जुड़े स्थानीय मददगारों और अन्य तस्करों को भी बेनकाब किया जा सके।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई यह कार्रवाई नशा माफिया की कमर तोड़ने जैसी है। कोबरा गैंग का भंडाफोड़ होने से ड्रग्स की आपूर्ति श्रृंखला यानी सप्लाई चेन कमजोर हुई है। उन्होंने साफ किया कि उत्तराखंड के युवाओं को नशे के जाल से सुरक्षित रखने के लिए पुलिस की यह जंग आगे और तेजी से जारी रहेगी। गैंग से जुड़े फरार चल रहे अन्य तस्करों की धरपकड़ के लिए भी पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, जिन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।



