अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाए राहुल गांधी, खराब मौसम के चलते वॉट्सएप कॉल से किया सभा को संबोधित

पंतनगर/अल्मोड़ा,कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा में नहीं पहुंच सके। राहुल गांधी का चार्टर्ड विमान सुबह पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचा था, जहां से वे हेलीकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए। हालांकि, बीच रास्ते में विजिबिलिटी कम होने और मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर को वापस पंतनगर एयरपोर्ट पर ही लैंड करना पड़ा।
अल्मोड़ा के मंच पर राहुल गांधी का इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं और जनता को निराश होने से बचाने के लिए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी के फोन पर राहुल गांधी ने पंतनगर से ही वॉट्सएप कॉल के जरिए जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए प्रदेश में कांग्रेस की सरकार का आना बेहद जरूरी है। उन्होंने जनसभा में जुटी भीड़ का आभार व्यक्त किया और जल्द ही अल्मोड़ा आने का वादा किया। हालांकि, लाउडस्पीकर पर वॉट्सएप कॉल की आवाज साफ सुनाई न देने के कारण कई लोग भाषण के बीच से ही वापस लौटते नजर आए।
दूसरी तरफ, राहुल गांधी के इस उत्तराखंड दौरे पर सियासत भी गरमा गई है। उनके प्रस्तावित पूर्व सैनिक सम्मेलन को लेकर उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने पौड़ी में तीखा हमला बोला। कर्नल कोठियाल ने कहा कि राहुल गांधी की इस कवायद के पीछे क्षुद्र राजनीतिक मंशा छिपी हुई है और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस घबराई हुई है।
कर्नल कोठियाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने पूर्व में देश के पहले सीडीएस जनरल विपिन रावत पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं और हमेशा सैनिक विरोधी बयान दिए हैं। अब चुनावी लाभ लेने के लिए वे उन्हीं के गृह जिले पौड़ी में जाकर पूर्व सैनिकों से संवाद का ढोंग कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी को उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों से आंख मिलाने से पहले जनरल विपिन रावत के परिवार और देश के सैनिकों से माफी मांगनी चाहिए। वहीं, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने भी कांग्रेस पर सैनिकों के लगातार अपमान का आरोप लगाते हुए कर्नल कोठियाल के बयानों का पुरजोर समर्थन किया है।



