Dehradun:विश्व कप विजेता स्नेह राणा का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर ग्रैंड वेलकम! CM धामी 50 लाख देंगे प्रोत्साहन राशि

स्नेह राणा : देहरादून आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय टीम की ऑलराउंडर स्नेह राणा आज, 8 नवंबर को अपने गृह राज्य उत्तराखंड लौटीं। देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका ढोल-नगाड़ों और ज़बरदस्त उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। राज्य सरकार पहले ही उन्हें ₹50 लाख की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा कर चुकी है।
स्नेह राणा -ढोल नगाड़ों के साथ शानदार अभिनंदन
शनिवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचते ही, स्थानीय लोग, परिवारजन, पड़ोसी और दोस्तों ने स्नेह राणा को घेर लिया। लोगों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते हुए उन्हें कंधों पर उठाकर अपनी खुशी का इज़हार किया।
वर्ल्ड कप खिताब जीतने पर स्नेह राणा ने कहा कि यह जीत पूरी टीम की कड़ी मेहनत और सहयोग का नतीजा है। उन्होंने बताया कि भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय टीम की प्रशंसा ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का काम किया।
स्थानीय जनता का कहना: “स्नेह राणा उत्तराखंड के साथ ही पूरे भारत की शान हैं। वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनकी लगन और मेहनत ने उन्हें यह मुकाम दिलाया है।”
पीएम और राष्ट्रपति से मिली थीं विजेता टीम
विश्व कप जीतने के बाद, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 5 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। पीएम मोदी ने टीम को बधाई दी और खुद मिठाई परोसकर उनका उत्साह बढ़ाया। इसके बाद, 7 नवंबर को टीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की और मैच के अनुभव साझा किए।
राज्यों में हो रही पैसों की बरसात
महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने के बाद, भारतीय खिलाड़ियों पर प्रोत्साहन राशि की बरसात हो रही है। विभिन्न राज्यों की सरकारें अपनी खिलाड़ियों को सम्मानित कर रही हैं। इसी क्रम में, उत्तराखंड सरकार ने देहरादून की निवासी स्नेह राणा को ₹50 लाख की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।
अब स्नेह राणा के देहरादून पहुंचने पर जल्द ही उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से होने की संभावना है, जहां उन्हें यह सम्मान राशि प्रदान की जा सकती है।



