Main Slideन्यूज़ निबंध

गांधी-शास्त्री जयंती: USDMA में श्रद्धा से मना राष्ट्र पर्व, ‘जय जवान, जय किसान’ के नारों से गूंजा प्राधिकरण

USDMAदेहरादून, उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्राधिकरण के कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन)आनंद स्वरूप ने की।

गांधीजी के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक: श्री आनंद स्वरूप

अपने उद्बोधन में आनंद स्वरूप ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के महान सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि:

“गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वावलंबन और ग्राम स्वराज के सिद्धांत आज भी हमारे समकालीन समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने साधारण जीवन जीते हुए भी विश्व पर असाधारण प्रभाव डाला, जो हमें प्रेरणा देता है।”

शास्त्री जी का नारा ‘जय जवान, जय किसान’ दूरदर्शिता का प्रमाण

श्री स्वरूप ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उनके योगदान पर बात की। उन्होंने कहा:

“शास्त्री जी का कालजयी नारा ‘जय जवान, जय किसान’ केवल एक वक्तव्य नहीं, बल्कि देश की रक्षा और हमारी कृषि व्यवस्था के प्रति उनकी दूरदर्शिता को दर्शाता है। उनका सादा जीवन, ईमानदार आचरण और विपरीत परिस्थितियों में भी निर्णय लेने की क्षमता आज भी हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है।”

श्री आनंद स्वरूप ने प्राधिकरण के सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे दोनों महापुरुषों के पदचिन्हों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें।

इस अवसर पर संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद ओबेदुल्लाह अंसारी सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button