Main Slideन्यूज़ निबंध

गंगोत्री यमुनोत्री धाम कपाट खुले : सीएम धामी ने किया पीएम मोदी के नाम से पहली पूजा का संकल्प

गंगोत्री यमुनोत्री धाम कपाट खुले:उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का वर्ष 2026 के लिए औपचारिक शुभारंभ हो गया है। पावन पर्व अक्षय तृतीया के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण और विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्री गंगोत्री धाम और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। परंपरा के अनुसार, दोनों ही धामों में पहली पूजा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में आयोजित कपाटोद्घाटन समारोह में स्वयं उपस्थित होकर प्रधानमंत्री की ओर से पूजा का संकल्प लिया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

गंगोत्री यमुनोत्री धाम कपाट खुले – चारधाम देश-विदेश के करोड़ों भक्तों की आस्था का केंद्र हैं

धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार, मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से प्रस्थान कर गंगोत्री धाम पहुंची। यहां विशेष अभिषेक और अनुष्ठान के पश्चात दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां गंगा के चरणों में शीश नवाया और देव डोली से आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि चारधाम देश-विदेश के करोड़ों भक्तों की आस्था का केंद्र हैं और राज्य सरकार इस यात्रा को सुगम बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बुनियादी ढांचा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य यह है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को दिव्य दर्शन के साथ-साथ एक सुखद और अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हो। उन्होंने श्रद्धालुओं से ‘ग्रीन और क्लीन’ चारधाम यात्रा के संकल्प में सहयोग करने की अपील की और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।

कपाटोद्घाटन के इस गरिमामयी समारोह में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, स्थानीय विधायक सुरेश चौहान और पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अमले से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय और मंदिर समिति के पदाधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। कपाट खुलने के साथ ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम जयकारों से गूंज उठे और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया।

Related Articles

Back to top button