उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद अब देहरादून एयरपोर्ट पर, “हाउस ऑफ हिमालयाज” स्टोर का भव्य शुभारंभ
हाउस ऑफ हिमालयाज : अब उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों को एयरपोर्ट पर ही राज्य के बेहतरीन स्थानीय उत्पादों की सौगात मिलेगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून में “हाउस ऑफ हिमालयाज” स्टोर का उद्घाटन किया। इस पहल से न केवल उत्तराखंड के विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
हाउस ऑफ हिमालयाज ,किसानों को भी इसका सीधा लाभ पहुंचेगा
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य सरकार के इस सराहनीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्टोर के विभिन्न एयरपोर्ट्स पर खुलने से उत्तराखंड के इस अनूठे ब्रांड को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने उत्पादों की उच्च गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतरीन ब्रांडिंग की प्रशंसा की। उन्होंने यह भी कहा कि “हाउस ऑफ हिमालयाज” के उत्पादों का लाभ न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश को मिलेगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने घोषणा की कि भारत सरकार उत्तराखंड में “हाउस ऑफ हिमालयाज” के प्रचार और अन्य कार्यों के लिए एक उत्कृष्टता केंद्र (Center of Excellence) स्थापित करेगी। इससे आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मिलेंगे और किसानों को भी इसका सीधा लाभ पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि स्टोर का खुलना राज्य के उत्पादों के लिए एक नया मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह स्टोर राज्य के मेहनती किसानों, कुशल कारीगरों, सशक्त महिलाओं और छोटे उद्यमियों के परिश्रम और हुनर का प्रतीक है। स्थानीय उत्पाद उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और विशिष्ट पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “हाउस ऑफ हिमालयाज” की पहल के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि आत्मनिर्भर उत्तराखंड के सपने को साकार करने के लिए राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दे रही है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इस भव्य उद्घाटन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सचिव श्रीमती राधिका झा, अपर सचिव श्रीमती अनुराधा पाल, अपर सचिव मनुज गोयल, अपर आयुक्त ग्राम्य विकास राजेन्द्र सिंह रावत, मुख्य अभियन्ता वी.वी.एस रावत, अधीक्षण अभियन्ता अनिल कुमार समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Photo – DIPR Uttrakhand
Read Also – उत्तराखंड सिविल डिफेंस मॉकड्रिल, हवाई हमले से बचाव का होगा अभ्यास



