LUCKNOW :’बंधु महल’ सम्मान ,शिक्षिका रीना त्रिपाठी ने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों को संवारा
बंधु महल सम्मान: लखनऊ, सामाजिक कार्यों और बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में अवसंरचना सुधार के लिए किए गए उत्कृष्ट प्रयासों के लिए, प्रतिष्ठित संस्थान “बंधु महल” ने शिक्षिका रीना त्रिपाठी को सम्मानित किया है। यह सम्मान समारोह बंधु महल द्वारा नवरात्रि के सफल आयोजन के बाद प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद मेधावी छात्रों को स्कॉलरशिप प्रदान करना और परिषदीय विद्यालयों के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करना है।
बंधु महल सम्मान ने जिले के प्रतिभाशाली शिक्षकों को किया सम्मानित
इस वर्ष भी, संस्था ने जिले के प्रतिभाशाली शिक्षकों को सम्मानित किया, जिसमें शिक्षिका रीना त्रिपाठी का नाम प्रमुख रहा। उन्हें सामाजिक कार्यकर्ता प्रतिमा पाठक, बंधु महल के अध्यक्ष मनोज भद्रा, सचिव सुशांतो घोष और विशजीत बैनर्जी के कर-कमलों से सम्मानित किया गया।
बेसिक शिक्षा के कायाकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका:
बंधु महल के सचिव सुशांतो घोष ने बताया कि सरोजिनी नगर विकासखंड में जनप्रतिनिधि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के सहयोग से 75 से अधिक विद्यालयों को झूलों का सेट, 32 इंटर कॉलेजों को स्मार्ट टीवी, 28 स्कूलों को डिजिटल लाइब्रेरी और कई को फर्नीचर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा, पूर्व सैनिक कल्याण निगम और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की मदद से 12 से अधिक विद्यालयों को वाटर कूलर, बेंच डेस्क, अलमारी और आवश्यक सामग्री प्रदान की गई है।
शिक्षण से परे सामाजिक सरोकार:
रीना त्रिपाठी ने केवल शिक्षण कार्य तक ही खुद को सीमित नहीं रखा है। उन्होंने गरीब और असहाय बच्चों की गंभीर बीमारियों का इलाज कराने में मदद की है, साथ ही गांव की महिलाओं को उद्यमिता (Entrepreneurship) से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाने का काम भी समय-समय पर किया है।

संस्थागत कार्यों में सक्रिय भागीदारी:
कार्यक्रम के संयोजक सुधीर सहगल ने बताया कि रीना त्रिपाठी ‘सर्वजन हिताय संरक्षण समिति महिला प्रकोष्ठ’ की अध्यक्ष के तौर पर लखनऊ के समस्त सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान और विदाई समारोह का आयोजन करती हैं। इसके अतिरिक्त, वह सामाजिक समस्याओं को निर्भीकता से उठाने वाले पत्रकारों और समाजसेवियों के सम्मान का वृहद कार्यक्रम भी आयोजित करती हैं।
अन्य सम्मानित शिक्षक:
इस अवसर पर लखनऊ जिले के अन्य उत्कृष्ट शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें एसआरजी क्षमा सिंह, खेल प्रशिक्षक अंजय कुमार दास, अदिति पांडे, रीना गुप्ता, मिथिलेश सुमन, मुक्ति वर्मा, अशोक गुप्ता, कविता छाबड़ा और राखी वर्मा शामिल हैं, जिन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
बंधु महल के अध्यक्ष और सचिव ने शिक्षकों के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन आशीष कुमार सिंह ने किया, जिसमें ऐश्वर्य शुक्ला, वंदना गुप्ता (एआरपी), राजीव रंजन पांडे, शालिनी सिंह सहित कई शिक्षक और सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान बच्चों ने नारी सशक्तिकरण का संदेश देते हुए मां दुर्गा को समर्पित नृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।



