बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ:बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा से ही समृद्ध होगा आधुनिक समाज : बैजनाथ रावत
सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देने का प्रयास
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ:लखनऊ, बिजनौर क्षेत्र के सरोजनी नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय अलीनगर खुर्द में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ‘ अभियान के तहत एक बहुआयामी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जागरूकता संगोष्ठी के साथ-साथ मातृशक्ति सम्मान, मेधावी छात्र अलंकरण और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के जरिए सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देने का प्रयास किया गया।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ संस्कारों की नींव घर से ही पड़ती है
कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाते हुए मुख्य अतिथि के रूप में एससी/एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा, बिजनौर प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम, माती चौकी प्रभारी अभिराम शुक्ला और उपनिरीक्षक शशि बाला ने शिरकत की। दीप प्रज्वलन और बच्चों द्वारा प्रस्तुत संस्कृत वंदना के साथ समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि बैजनाथ रावत एससी एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कारों की नींव घर से ही पड़ती है। उन्होंने जोर दिया कि बेटियों को पढ़ाने के साथ-साथ बेटों को भी महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के संस्कार देना अनिवार्य है। उन्होंने बचपन से ही बच्चों को स्वतंत्रता और स्वच्छता के बीच का अंतर समझाने की सीख दी।
विशिष्ट अतिथि रजनीश वर्मा कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे हुए एसीपी रजनीश वर्मा आईपीएस ने कानून की जानकारी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एक शिक्षित बेटी न केवल अपने अधिकारों के प्रति सजग होती है, बल्कि समाज को अपराध मुक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

रीना त्रिपाठी सर्वजन हिताय संस्था की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रीना त्रिपाठी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पूरे कार्यक्रम की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बेटियों की शिक्षा कानून की जागरूकता के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने का आवाहन किया
समारोह के दौरान आयुष अस्पताल के निदेशक डॉ. संदीप शुक्ला और महिला स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ.अफसाना की टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चियों का परीक्षण कर दवाइयां और सेनेटरी पैड वितरित किए गए। पुलिस चौपाल के माध्यम से भी उपस्थित जनसमूह को सुरक्षा और कानूनी जागरूकता की जानकारी दी गई।

सम्मान की कड़ी में वरिष्ठ पत्रकार आर.के. विश्वकर्मा ने अतिथियों का अभिनंदन किया, वहीं इक्कीस मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धि के लिए पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का एक भावुक क्षण वह था जब आशीष सिंह और अभिषेक सिंह चौहान द्वारा उन माताओं और दादियों को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया, जिन्होंने पूरे वर्ष अपने बच्चों को अनुशासित और स्वच्छ रूप से विद्यालय भेजा।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में “एक पेड़ बेटी के नाम” अभियान के तहत आम और अमरूद जैसे छायादार पौधों का रोपण किया गया। सर्वजन हिताय संरक्षण समिति की रीना त्रिपाठी ने अतिथियों के साथ वृक्षारोपण किया और विद्यालय परिवार की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया इस सफल आयोजन में एंटी करप्शन एंड क्राइम ब्यूरो ट्रस्ट, आदर्श प्रेस क्लब, आर्य लाइब्रेरी और सर्वांगीण विकास जैसी संस्थाओं का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षक सेवक राम कनौजिया ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। मौके पर उषा त्रिपाठी, सुमन दुबे, रश्मि प्रधान, गीता वर्मा, आभा शुक्ला सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Read Also – आशाएं वार्षिक उत्सव: खेलते-खेलते हम सब पढ़ते लिखते



