PM मोदी ने 51,000 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, देहरादून में 215 चयनितों को मिला ‘रोजगार मेला’ का तोहफा

रोजगार मेला :प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज देश भर में रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता के तहत एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। वर्चुअल माध्यम से, उन्होंने देश भर के 40 विभिन्न स्थानों पर आयोजित ‘रोजगार मेला’ में लगभग 51,000 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए। इसी क्रम में, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित सर्वे ऑफ इंडिया के ऑडिटोरियम में भी भव्य रोजगार मेला का आयोजन किया गया।
देहरादून में 215 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
देहरादून में आयोजित इस समारोह में उत्तराखंड डाक परिमंडल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल (CPMG) श्रीमती शशि शालिनी कुजूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित 215 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
इनमें मुख्य रूप से शामिल थे:
- डाक विभाग (Uttarakhand Postal Circle): 59 (डाक सहायक और डाक सेवक)
- केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF/ITBP): 81
- रेलवे: 14
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI): 19
- टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (THDC): 41
- आईआईएम सिरमौर (IIM Sirmaur): 01
PM की प्रतिबद्धता की ओर महत्वपूर्ण कदम
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती कुजूर ने सभी चयनित युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय रूप से भाग लेने का अवसर प्रदान करता है।
इस अवसर पर डाक परिमंडल के निदेशक डाक सेवाएं, अनसूया प्रसाद चमोला, रेलवे से अनिल कुमार सैनी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल से अरविन्द खण्डूरी, एसबीआई से राजीव कुमार सिंह, और टीएचडीसी से मिस झरना दलाई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



