Main Slideन्यूज़ निबंध

उत्तराखंड में रोपवे क्रांति: केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए सरकार-NHLML के बीच समझौता

केदारनाथ और हेमकुंड साहिब: देहरादून, उत्तराखंड उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आज सचिवालय में एक ऐतिहासिक समझौता हुआ। पर्वतमाला परियोजना के तहत, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में रोपवे के विकास के लिए राज्य सरकार और नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

केदारनाथ और हेमकुंड साहिब मुख्य बिंदु:

  • उत्तराखंड सरकार और NHAI की NHLML के बीच केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे के लिए समझौता।
  • समझौते में 51% NHLML और 49% उत्तराखंड सरकार की इक्विटी भागीदारी।
  • ₹4,100 करोड़ की लागत से केदारनाथ रोपवे और ₹2,700 करोड़ से अधिक की लागत से हेमकुंड साहिब रोपवे का होगा निर्माण।
  • ये परियोजनाएं राज्य के पर्यटन और रोजगार को देगी बढ़ावा।

इस समझौते के तहत, परियोजना की इक्विटी भागीदारी में NHLML की 51% और उत्तराखंड सरकार की 49% हिस्सेदारी होगी। राजस्व का 90% हिस्सा उत्तराखंड में पर्यटन, परिवहन और गतिशीलता के क्षेत्र में खर्च किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा और उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी उपस्थित थे।

कनेक्टिविटी को मिलेगी नई उड़ान

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह समझौता उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को विश्व स्तर पर नई पहचान देगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पर्वतमाला परियोजना के तहत इन दो महत्वपूर्ण रोपवे परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है:

  • केदारनाथ रोपवे: सोनप्रयाग से केदारनाथ तक लगभग ₹4,100 करोड़ की लागत से 12.9 किलोमीटर लंबा।
  • हेमकुंड साहिब रोपवे: गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक ₹2,700 करोड़ से अधिक की लागत से 12.4 किलोमीटर लंबा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं राज्य में रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार में नए आयाम स्थापित करेंगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से चारधाम ऑलवेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड जैसी कई बड़ी परियोजनाओं से राज्य में सड़क और रेल कनेक्टिविटी में भी तेजी से सुधार हो रहा है।

श्रद्धालुओं को सुविधा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने इस समझौते को राज्य में रोपवे विकास के लिए एक महत्वपूर्ण दिन बताया। उन्होंने कहा कि इन रोपवे के निर्माण से केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यह समझौता उत्तराखंड में पर्यटन के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन परियोजनाओं से स्थानीय स्तर पर लोगों की आर्थिकी मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इस मौके पर कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, जैसे प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव दिलीप जावलकर, और एनएचएलएमएल के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button