Main Slideन्यूज़ निबंध

SAMAJVADI PARTI:समाजवादी आंदोलन के स्तम्भ हीरालाल यादव की 30वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि: शिवपाल यादव ने किया नमन

बाबू हीरालाल यादव का विराट व्यक्तित्व

Manish Chandra

समाजवादी आंदोलन के स्तम्भ, प्रखर योद्धा, विधान परिषद के पूर्व सदस्य (एमएलसी), और समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय बाबू हीरालाल यादव जी की 30वीं पुण्यतिथि आज ‘श्रद्धांजलि दिवस’ के रूप में मनाई गई। यह भावपूर्ण आयोजन उनके समाधि स्थल – यदुनगर, गौरी-बिजनौर रोड, स्काई पब्लिक स्कूल परिसर, सरोजनी नगर, लखनऊ में श्रद्धा और सम्मान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने हीरालाल यादव जी के योगदान को याद किया।

समाजवादी आंदोलन के स्तम्भशिवपाल यादव ने अर्पित की श्रद्धांजलि, याद दिलाया हीरालाल यादव का योगदान

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने स्वर्गीय हीरालाल यादव जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर शिवपाल यादव ने हीरालाल यादव के समाजवादी आंदोलन और पार्टी के प्रति अटूट निष्ठा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “हीरालाल यादव जी के योगदान के बिना समाजवादी आंदोलन और समाजवादी चिंतन अधूरा रह जाता, यदि बाबू हीरालाल यादव जी ने समाजवादी पार्टी के मुखिया स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी का साथ निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ न दिया होता।”

शिवपाल यादव ने आगे कहा, “आज उत्तर प्रदेश का हर समाजवादी बाबू हीरालाल यादव के योगदान को कभी नहीं भूल सकता है। हीरालाल यादव जी के अथक परिश्रम का ही फल है कि आज समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में मजबूती के साथ खड़ी होकर जनता की आवाज बनी हुई है।” उनके ये शब्द हीरालाल यादव के समाजवादी पार्टी के निर्माण और उत्थान में निर्णायक भूमिका को स्पष्ट करते हैं।

शैक्षणिक संस्थानों में भी दी गई श्रद्धांजलि, राष्ट्र सेवा का सम्मान

हीरालाल यादव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की सभी इकाइयों – हीरालाल यादव बालिका पी0जी0 कॉलेज, हीरालाल यादव लॉ कॉलेज, हीरालाल यादव कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हीरालाल यादव बालिका इंटर कॉलेज, हीरालाल यादव पब्लिक स्कूल (बेंती एवं सरोजनी नगर शाखा) में भी समाजवादी आंदोलन के स्तम्भ बाबू हीरालाल यादव जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें हृदय से स्मरण किया गया।

समाधि स्थल पर एन0सी0सी0 कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर एवं पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को नमन किया गया। वहीं, हीरालाल यादव बालिका इंटर कॉलेज, सरोजनी नगर की छात्राओं द्वारा सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन कर सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया, जो हीरालाल यादव के मूल्यों और विचारों को दर्शाता है।

गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति और जनभागीदारी

इस श्रद्धांजलि समारोह में प्रमुख विशिष्टजन उपस्थित रहे, जिनमें श्याम किशोर यादव (पूर्व विधायक एवं अध्यक्ष, सेवा संस्थान), सहदेव सिंह (सचिव, सेवा संस्थान),राम सिंह यादव (अध्यक्ष, हीरालाल यादव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज), उदय राज यादव (पूर्व विधायक),रामगोपाल यादव (पूर्व ब्लॉक प्रमुख, काकोरी), रामगोपाल सिंह (पूर्व ब्लॉक प्रमुख, सरोजनी नगर), जितेन्द्र गुड्डू (सदस्य, जिला पंचायत), कैप्टन यादव (सदस्य, जिला पंचायत), प्रमोद यादव (पार्षद) और हजारों की संख्या में क्षेत्रीय संभ्रांतजन शामिल थे। सभी ने हीरालाल यादव जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम उपरांत भंडारा एवं प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया।

यह आयोजन बाबू हीरालाल यादव के विराट व्यक्तित्व, समाजवादी विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनसेवा के उनके समर्पण को पुनः याद दिलाने वाला रहा। उनकी विरासत समाजवादी पार्टी और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक-सामाजिक परिदृश्य में आज भी प्रासंगिक है..

Read Also – बूढ़ा किरायेदार, बस मरने से पहले

Related Articles

Back to top button