Main Slideन्यूज़ निबंध

Uttarakhand Weather Forecast:अगले 3 दिन बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट,तेज़ रफ़्तार से चल सकती हैं हवाएं

देहरादून,उत्तराखंड में गर्मी से राहत के बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) देहरादून के अनुसार, 5 जून से 7 जून तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। विभाग ने इस दौरान लोगों को विशेष एहतियात बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 जून को राजधानी देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल सहित अधिकांश जिलों में गरज के साथ ओलावृष्टि और बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। इस अवधि में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झक्कड़ (तूफानी हवाएं) चल सकती हैं, जो कच्चे मकानों और पेड़ों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

इसके अलावा पौड़ी, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में भी मध्यम से तेज बारिश और बिजली चमकने का अनुमान जताया गया है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने को कहा है, क्योंकि तेज बारिश के कारण भूस्खलन (Landslide) और संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा बना रहता है।

Related Articles

Back to top button