उत्तराखंड में जन कल्याण की बड़ी पहल: सीएम धामी ने 9.74 लाख लाभार्थियों को भेजी 176 करोड़ की पेंशन

देहरादून,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आई.आर.डी.टी सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक जागरूकता अभिमुखीकरण कार्यक्रम में शिरकत की। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘वन क्लिक’ के माध्यम से विभिन्न समाज कल्याण योजनाओं के 9,74,338 लाभार्थियों के खातों में मई 2026 की पेंशन राशि सीधे हस्तांतरित की। कुल 176 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की यह धनराशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों तक पहुंचाई गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्त अभियान में सहयोग करने और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान व उचित देखभाल सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्राथमिक लक्ष्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव और देरी के पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के सरलीकरण और तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने राज्य की आर्थिक प्रगति का ब्यौरा देते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड की आर्थिकी डेढ़ गुना बढ़ी है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। उन्होंने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) सूचकांक में उत्तराखंड के देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने को राज्य के लिए गौरव का विषय बताया। सीएम ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद साढ़े चार वर्षों में 33 हजार युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, लखपति दीदी और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड अब वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



