देहरादून ट्रैफिक जाम: मुख्य सचिव ने लिया एक्शन, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

देहरादून ट्रैफिक जाम : मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए एकीकृत महानगर परिवहन प्राधिकरण और संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने देहरादून शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को जल्द से जल्द हल करने के लिए तैयार की गई योजना को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए।
देहरादून ट्रैफिक जाम ,यातायात सुधार के लिए तत्काल कदम
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग के सचिव को शहर के 10 सबसे अधिक यातायात जाम वाले चौराहों में सुधार के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू करने और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने देहरादून के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार अभियान चलाने के आदेश दिए। शहर के भीतर नए पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्कूलों के खुलने और छुट्टी के समय में बदलाव के लिए स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के साथ संवाद करने का सुझाव दिया।
आढ़त बाजार शिफ्टिंग में तेजी:
मुख्य सचिव ने एमडीडीए (मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण) को आढ़त बाजार को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों को प्लॉट आवंटन का कार्य शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया। आढ़त बाजार की शिफ्टिंग के लिए प्रत्येक स्तर के कार्य को पूरा करने की समय सीमा निर्धारित करते हुए, इस समय-सारणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग व्यवस्था पर सख्ती:
मुख्य सचिव ने वाणिज्यिक परिसरों और शॉपिंग मॉल्स के पार्किंग स्थलों का सर्वेक्षण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जो वाणिज्यिक परिसर और शॉपिंग मॉल अपनी पार्किंग का उपयोग नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात जागरूकता और अतिक्रमण हटाओ:
मुख्य सचिव ने लोगों और आने वाली पीढ़ी में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यातायात पार्क विकसित करने की बात कही। उन्होंने फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने और यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देश दिए। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि चौड़ी की गई सड़कों के किनारों पर फिर से वाहन खड़े होने लगे हैं, जिससे स्थिति पहले जैसी हो गई है। उन्होंने गलत पार्किंग पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया।
बैठक में सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी देहरादून अजय कुमार, प्रबंध निदेशक उत्तराखंड रोडवेज श्रीमती रीना जोशी और उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के बृजेश कुमार मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



