उत्तराखंड: हर्षिल में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, गृह सचिव ने दिए सप्लाई के निर्देश

उत्तराखंड, उत्तरकाशी – गृह सचिव शैलेश बगौली ने उत्तरकाशी में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने हर्षिल और धराली में फंसे लोगों की मदद के लिए आवश्यक सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डीजल और गैस सिलेंडर की आपूर्ति
गृह सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर्षिल और धराली में डीजल की कमी न हो। इसके लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को रोजाना 2,000 लीटर डीजल भेजने को कहा गया है। इसके अलावा, प्रतिदिन 20 से 25 रसोई गैस सिलेंडर भी भेजे जाएंगे, ताकि राहत शिविरों में लोगों को कोई परेशानी न हो।
घोड़े-खच्चरों से पहुंचेगी मदद
बगौली ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक सड़कें ठीक नहीं हो जातीं, तब तक घोड़े और खच्चरों के माध्यम से खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इससे हर्षिल घाटी में खाने-पीने की चीजों की कमी नहीं होगी।
जल पुलिस को नाव भेजने के निर्देश
बीआरओ की अपील पर गृह सचिव ने धराली में जल पुलिस को सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए जल्द से जल्द नाव भेजने के आदेश दिए हैं। इससे राहत कार्यों में तेजी आएगी।
चार दिनों में 1126 लोगों का रेस्क्यू
सचिव गृह ने बताया कि शनिवार को युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाए गए, जिसमें 480 लोगों को हर्षिल और नेलांग से सुरक्षित निकाला गया। 6 अगस्त से 9 अगस्त के बीच, यानी सिर्फ चार दिनों में, कुल 1126 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। शनिवार को यूकाडा और सेना के हेलीकॉप्टरों ने 128 उड़ानें भरीं, जबकि इन चार दिनों में कुल 257 उड़ानें संचालित की गईं।



