Virandavan:सूफी गायक कैलाश खेर ने लिया प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद, भजनों से बांधा समां

मथुरा। वृंदावन के सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु आते रहते हैं। इसी कड़ी में मशहूर सूफी गायक कैलाश खेर भी वृंदावन स्थित उनके आश्रम श्री हित राधा केली कुंज पहुंचे। कैलाश खेर ने न केवल महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया, बल्कि उनके समक्ष अपने सुप्रसिद्ध गीत और भजन भी गाए।
भजनों को सुनकर मुस्कुरा उठे प्रेमानंद महाराज
आश्रम में मुलाकात के दौरान कैलाश खेर ने प्रेमानंद महाराज के सामने अपना बेहद लोकप्रिय गीत बक्कड़ बम लहरी प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उन्होंने पांच वर्ष की मीरा लाडली भजन भी गाया। कैलाश खेर की सुरीली आवाज और भक्ति भाव से गाए गए इन गीतों को सुनकर संत प्रेमानंद महाराज बेहद प्रसन्न हुए और उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई। महाराज ने कैलाश खेर को अपना विशेष आशीर्वाद और आशीर्वचन दिए। महाराज से मिलकर कैलाश खेर बेहद भावुक और अभिभूत नजर आए। दर्शन और वार्तालाप के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
महान हस्तियों का केंद्र बनता जा रहा है आश्रम
वृंदावन वाले प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए हर रोज हजारों आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ राजनीति, खेल और मनोरंजन जगत की बड़ी हस्तियां भी पहुंचती हैं। इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ यहां आ चुके हैं। इसके अलावा फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा भी बाबा का आशीर्वाद ले चुके हैं। हाल ही में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी वृंदावन आकर संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की थी और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया था।



