रुद्रपुर में 156 करोड़ के पीएम आवासों का जल्द होगा लोकार्पण, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण

रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उत्तराखंड में आवासीय एवं शहरी विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी सिलसिले में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने उधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने वहां विकास प्राधिकरण की विभिन्न निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं का जमीनी निरीक्षण किया और अधिकारियों को काम की गुणवत्ता व समय सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जल्द मिलेगी चाबी, पीएम आवास योजना 2.0 की तैयारी शुरू
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने सबसे पहले बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 156 करोड़ रुपये की लागत से बने 1872 आवासों का जायजा लिया। काम की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि इन मकानों का लोकार्पण जल्द किया जाएगा ताकि पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौंपी जा सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपना अंशदान जमा नहीं किया है, उनसे संपर्क कर आवंटन प्रक्रिया को तेज किया जाए। विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि 6 लाख रुपये की कुल लागत वाले इस आवास में 3 लाख रुपये सरकार देती है और 3 लाख लाभार्थी को देने होते हैं। परिसर में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, पौधारोपण और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की टेस्टिंग का काम पूरा हो चुका है। साथ ही सचिव ने पीएम आवास योजना 2.0 के लिए भी नई भूमि चिन्हित करने के आदेश दिए हैं।
कुमाऊं कमर्शियल कुटीर और प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण
इसके बाद सचिव ने त्रिशूल चौक के पास लोक निर्माण विभाग की 6.5 एकड़ जमीन का निरीक्षण किया, जहां बहुमंजिला ‘कुमाऊं कमर्शियल कुटीर’ परियोजना प्रस्तावित है। इस आधुनिक आवासीय और व्यावसायिक प्रोजेक्ट की प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है। उन्होंने रामपुर रोड पर 48 एकड़ में बनने वाले महत्वाकांक्षी ट्रांसपोर्ट नगर प्रोजेक्ट की जमीन का भी निरीक्षण किया, जिसकी 72 करोड़ रुपये की प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी गई है।
सड़क चौड़ीकरण और नए कार्यालय भवन का जायजा
दौरे के आखिर में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य और कलेक्ट्रेट परिसर में बन रहे विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन का निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, सचिव पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



