नशे के खिलाफ अभियान को मिलेगी और गति, जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

बागेश्वर। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन (एनकॉर्ड) समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें नशा विरोधी अभियान की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
नशे के खिलाफ निरीक्षण अभियान तेज करने के निर्देश
बैठक में औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों तथा सीएचसी कपकोट में इस माह कुल 7 निरीक्षण किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कांडा क्षेत्र में भी नियमित निरीक्षण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
नशा मुक्ति केंद्रों की व्यवस्थाओं पर भी नजर
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों के संचालन और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान की निरंतर निगरानी के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नाबालिगों को शराब बिक्री रोकने के निर्देश
जिलाधिकारी ने नाबालिगों को शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही शराब की दुकानों और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी तथा समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान में किसी तरह की लापरवाही न हो और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करें।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, जिला युवा कल्याण अधिकारी पी.सी. जोशी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



