Main Slideन्यूज़ निबंध

अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद टपकेश्वर मंदिर पहुंची कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, जल्द एसआईटी करेगी पूछताछ

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या:उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सीधे प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचीं। दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

टपकेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सबसे पहले टपकेश्वर महादेव मंदिर में हाजिरी लगाई। उन्होंने महादेव और मां भगवती का आशीर्वाद लिया।

मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मां भगवती के आशीर्वाद और शुभचिंतकों की दुआओं से वह पूरी तरह स्वस्थ हो गई हैं। अब वह दोबारा अपनी देवतुल्य जनता की सेवा और संवैधानिक दायित्वों को निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने इस कठिन समय में साथ देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश सरकार, जनप्रतिनिधियों और सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।

जल्द दर्ज होंगे बयान और होगी पूछताछ

घरेलू विवाद और पति-पत्नी के बीच सामने आए गंभीर मामलों की जांच के लिए उत्तराखंड पुलिस द्वारा एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है, जिसकी कमान जया बलोनी को सौंपी गई है।

एसआईटी टीम इस पूरे प्रकरण से जुड़े साक्ष्य और जानकारियां जुटा रही है। डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती रहने के कारण अब तक बयान दर्ज नहीं हो पाए थे। चूंकि अब कैबिनेट मंत्री अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुकी हैं, इसलिए एसआईटी जल्द ही उनके आधिकारिक बयान दर्ज कर सकती है और आगे की पूछताछ की प्रक्रिया शुरू होगी।

क्या है पूरा मामला?

बीती 15 अक्टूबर को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने एक वीडियो और ऑडियो जारी कर अपने पति गिरधारी लाल साहू पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने पति पर धोखे से शादी करने, मारपीट करने, उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इस संबंध में उन्होंने थाना कैंट में मुकदमा भी दर्ज कराया था। इस घटनाक्रम के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। तीन दिन तक अस्पताल में रहने के बाद अब उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।

Read Also – रेखा आर्या पारिवारिक विवाद: कांग्रेस की प्रतिक्रिया, व्यक्तिगत सहानुभूति, लेकिन 210 करोड़ के भ्रष्टाचार पर ईडी और सीबीआई जांच की मांग

Related Articles

Back to top button