Main Slideन्यूज़ निबंध

रेखा आर्या पारिवारिक विवाद: कांग्रेस की प्रतिक्रिया, व्यक्तिगत सहानुभूति, लेकिन 210 करोड़ के भ्रष्टाचार पर ईडी और सीबीआई जांच की मांग

रेखा आर्या पारिवारिक विवाद:उत्तराखंड की राजनीति में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद इन दिनों सुर्खियों में है। इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस पार्टी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह व्यक्तिगत तौर पर रेखा आर्या के साथ पूरी सहानुभूति रखती है, लेकिन उनके पति द्वारा लगाए गए 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति और भ्रष्टाचार के मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।

ट्रिपल इंजन सरकारों पर कांग्रेस का तंज

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बयान जारी करते हुए कहा कि रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और केंद्र—इन तीनों ही जगहों पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकारें हैं।

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि जब तीन राज्यों में बीजेपी की ट्रिपल इंजन सरकार है, तब भी महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जब उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो प्रदेश की आम महिलाओं की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति के आरोपों की हो जांच

कांग्रेस ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। गिरधारी लाल साहू ने मंत्री रेखा आर्या पर कथित तौर पर 210 करोड़ रुपये की अकूत अवैध संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

इस पर कांग्रेस का कहना है कि यह भ्रष्टाचार भले ही उनके पति ने किया हो या फिर मंत्री के रूप में रेखा आर्या ने, इसकी गहराई से जांच होना आवश्यक है। धस्माना ने मांग की है कि इन तमाम आरोपों की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED), आयकर विभाग या केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सबके सामने आ सके।

रेखा आर्या के समर्थन में आई कांग्रेस

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड सरकार अपनी महिला मंत्री का साथ नहीं देती है, तो कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी होगी। पार्टी का कहना है कि जिस तरह वह अंकिता भंडारी न्याय मामले और घरेलू हिंसा की शिकार अन्य महिलाओं के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रही है, उसी तरह इस मामले में भी वे रेखा आर्या के साथ मजबूती से खड़ी हैं।

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने एक ऑडियो जारी कर अपने पति गिरधारी लाल साहू पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न, पहली शादी की बात छिपाने और जान से मारने की साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए थे, जिससे राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया था। इसके जवाब में गिरधारी लाल साहू ने भी एक वीडियो जारी कर मंत्री पर 210 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाने का आरोप जड़ दिया था।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए रेखा आर्या ने गोल्ज्यू देवता की कसम खाते हुए स्पष्ट किया है कि उन्होंने अपनी पूरी ईमानदारी से कार्य किया है। उन्होंने चुनौती दी है कि यदि उनके खिलाफ कोई भी सबूत है, तो उसे सार्वजनिक किया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

Related Articles

Back to top button