Main Slideबॉलीवुड बॉक्स

बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की पहली पुण्यतिथि: PM मोदी, CM नीतीश ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, ‘छठ गीतों’ को किया याद

छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीत हमेशा जनमानस में रचे-बसे रहेंगे

‘बिहार कोकिला’ के नाम से मशहूर दिवंगत लोक गायिका शारदा सिन्हा की आज (5 नवंबर) पहली पुण्यतिथि है। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत देश की कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

बिहार कोकिला शारदा सिन्हा -PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X, पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए शारदा सिन्हा के संगीत विरासत और बिहार की कला-संस्कृति से उनके गहरे जुड़ाव को याद किया।

PM मोदी का संदेश: “बिहार कोकिला शारदा सिन्हा जी की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। उन्होंने बिहार की कला-संस्कृति को लोकगीतों के माध्यम से एक नई पहचान दी, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीत हमेशा जनमानस में रचे-बसे रहेंगे।”

पीएम मोदी ने विशेष रूप से भोजपुरी और मैथिली लोक संगीत शैलियों में उनके अपार योगदान और उनके अमर छठ गीतों की जमकर प्रशंसा की।

CM नीतीश कुमार ने भी किया नमन: ‘स्मृति हमेशा रहेगी’

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी एक्स हैंडल पर शारदा सिन्हा को याद किया। उन्होंने लिखा कि पद्म श्री और पद्म भूषण से सम्मानित गायिका के गीत आज भी देश के सभी हिस्सों में गूंजते हैं।

CM नीतीश कुमार का संदेश: “बिहार कोकिला, पद्म श्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित स्व. शारदा सिन्हा जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। स्व. शारदा सिन्हा जी के छठ महापर्व पर सुरीली आवाज में गाए मधुर गीत बिहार समेत देश के सभी भागों में आज भी गूंजा करते हैं। बिहार की भूमि, संगीत जगत और संगीत प्रेमियों में उनकी स्मृति हमेशा रहेगी।”

5 नवंबर को हुआ था निधन

‘बिहार कोकिला’ शारदा सिन्हा का पिछले वर्ष 5 नवंबर की शाम को नई दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) में सेप्टीसीमिया के इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनके आकस्मिक निधन से संगीत जगत और उनके करोड़ों प्रशंसक स्तब्ध रह गए थे। उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से पटना लाया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था।

PHOTO – NBT

Related Articles

Back to top button