उत्तराखंड में सीजन की पहली बर्फबारी! बदरीनाथ, केदारनाथ ‘चांदी’ सी चमके; पर्यटन कारोबारियों के खिले चेहरे

सीजन की पहली बर्फबारी: देहरादून, 5 नवंबर, 2025 उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में जोरदार बर्फबारी हुई है। इसी क्रम में, विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फ की सफेद चादर ओढ़ने के बाद यहां की चोटियां चांदी की तरह चमक उठी हैं।
सीजन की पहली बर्फबारी -बदरीनाथ और केदारनाथ धाम का विहंगम दृश्य
- बदरीनाथ धाम में देर रात से बर्फबारी जारी है, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फ से लकदक हो गया है। बावजूद इसके, बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र तप्त कुंड में स्नान कर बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं। धाम के कपाट 25 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने हैं और उससे पहले ही भक्तों को इस दिव्य मौसम का आनंद मिल रहा है। बर्फबारी के चलते यहां सुबह-शाम तापमान माइनस में चला गया है।
- हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी भी पूरी तरह बर्फ से ढक गई हैं, जिससे इन स्थानों की सुंदरता और बढ़ गई है।
- केदारनाथ धाम में भी जमकर बर्फबारी हुई है, जिसने बाबा केदार के धाम को बर्फ की सफेद चादर से ढंक दिया है। हालांकि, केदारनाथ के कपाट पहले ही बंद हो चुके हैं, जिससे फिलहाल यहां सन्नाटा है।

मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड, पर्यटन को मिलेगी रफ्तार
पहाड़ी क्षेत्रों में हुई इस जोरदार बर्फबारी का असर अब निचले और मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते देखे जा रहे हैं।
वहीं, बर्फबारी ने उत्तराखंड के पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे पर चमक ला दी है। उन्हें उम्मीद है कि बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक ‘स्नोफॉल’ का मजा लेने उत्तराखंड पहुंचेंगे। इससे राज्य की शीतकालीन चारधाम यात्रा (Winter Char Dham Yatra) और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
मौसम अपडेट: देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने पहले ही उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया था। मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल के अनुसार, 5 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिला। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 6 नवंबर के बाद मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा।
PHOTO – DIPR SCREEN SHOT



