Main Slideन्यूज़ निबंध

उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से मांगा सहयोग

नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की और राज्य के विकास में केंद्र सरकार के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखण्ड आने का निमंत्रण देते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का प्रस्ताव रखा। इसमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे और टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट के उद्घाटन के साथ ही पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट की आधारशिला रखने का सुझाव शामिल है। इस भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मां सुरकंडा देवी की रेप्लिका, बद्री गाय का घी, स्थानीय शहद और विभिन्न जिलों की राजमा भेंट स्वरूप प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुम्भ-2027 के लिए मिली आर्थिक सहायता, नदी जोड़ो परियोजनाओं की फिजिबिलिटी स्टडी और राजाजी नेशनल पार्क में चौरासी कुटिया के विकास हेतु बजट स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने ऋषिकेश में बिजली लाइनों को भूमिगत करने, चम्पावत बाईपास और देहरादून रिंग रोड जैसी बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं के लिए भी केंद्र के सहयोग की सराहना की।

भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में हो रहे नवाचारों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड को ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने के लिए नई नीति तैयार की जा रही है और चोपता व शारदा कॉरिडोर जैसे क्षेत्रों को विकसित किया जा रहा है। साथ ही बेल केदार और लोहाघाट जैसे क्षेत्रों को स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन के रूप में चिन्हित किया गया है। आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और साहसिक पर्यटन की गतिविधियों का विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने राज्य की कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए कई नए प्रस्ताव भी रखे। उन्होंने मेरठ तक चल रही रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम सेवा को हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने का अनुरोध किया। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से उन्होंने कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में डिफेंस इक्विपमेंट प्रोडक्शन हब की स्थापना के लिए केंद्र से सहयोग मांगा। इसके अलावा टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने और उत्तरकाशी की चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया।

रेल सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के कुछ खंडों के जल्द लोकार्पण और ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक नई रेल लाइन के निर्माण का प्रस्ताव दिया। उन्होंने टनकपुर-बागेश्वर और बागेश्वर-कर्णप्रयाग लाइनों के साथ-साथ हरिद्वार-देहरादून रेल मार्ग के दोहरीकरण की मांग भी उठाई। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रशासनिक सुधारों और विभिन्न उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट भी प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की।

Related Articles

Back to top button