सीएम धामी ने बहनों से राखी बँधा कर दिया ‘जल सखी योजना’ का तोहफा – जानिए

जल सखी योजना: देहरादून, उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में हरबंस कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल में आयोजित “रक्षाबंधन समारोह 2025” में शिरकत की।सीएम धामी ने बहनों से राखी बँधा कर दिया ‘जल सखी योजना’ का तोहफा, इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशभर से आई हजारों माताओं और बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और खुद को उनके भाई के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण और आजीविका बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
जल सखी योजना – ग्रामीण महिलाओं की आजीविका बढ़ाने के लिए एक बड़ी घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं की आजीविका बढ़ाने के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि जल्द ही “जल सखी योजना” शुरू की जाएगी। इसके तहत, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति का काम महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को सौंपा जाएगा। नए कनेक्शन, बिल वितरण, बिल वसूली और पेयजल योजनाओं के रखरखाव का काम भी आउटसोर्सिंग के आधार पर महिला समूहों को दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ये केवल योजनाएं नहीं, बल्कि बहनों के प्रति उनका प्रेम और जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री धामी का ‘भाई’ वाला अंदाज: सीधे CM ऑफिस से जुड़ने की अपील
समारोह में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में माताओं-बहनों की सेवा में उपस्थित हैं। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि उत्तराखंड की किसी भी बहन-बेटी को अगर कोई परेशानी हो, तो वे सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय में संपर्क करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे स्वयं इन परेशानियों का संज्ञान लेकर उनका निस्तारण करेंगे और एक भाई होने का अपना कर्तव्य निभाएंगे।
मातृशक्ति के आशीर्वाद से मिल रही ऊर्जा: CM धामी
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृ शक्ति के प्रेम और आशीर्वाद से उन्हें प्रदेश की और अधिक सेवा करने के लिए भरपूर ऊर्जा मिल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ और ‘उज्ज्वला योजना’ जैसी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार भी देश की बेटियों और महिलाओं को सक्षम, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

‘लखपति दीदी’ योजना से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर, ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ ने बढ़ाई आजीविका
मुख्यमंत्री ने महिला समूहों की सफलता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उत्तराखंड में ‘लखपति दीदी योजना’ के तहत 1.63 लाख से अधिक बहनें ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो यह दर्शाता है कि प्रदेश की महिलाएं किसी से कम नहीं हैं। इसके अलावा, महिला समूहों की आजीविका को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई “मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना” से 30 हजार से अधिक महिलाएं लाभान्वित हुई हैं और 5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी हैं।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने की महिला सशक्तिकरण की तारीफ
इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उन्हें ‘हर घर शौचालय’ और ‘जल जीवन मिशन’ जैसी महिलाओं के कल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम करने का सुअवसर मिला है। उन्होंने बताया कि देशभर में महिला सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य हो रहा है, और उत्तराखंड के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प उत्पादों को केंद्र और राज्य सरकार ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने का काम किया है।
इस समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और भाजपा युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा जोशी सहित प्रदेशभर से भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।Photo -DIPR Uttrakhand



