Main Slideन्यूज़ निबंध

Dehradun सरस फूड फेस्टिवल 2026: देशभर के स्वाद और महिला सशक्तिकरण का महाकुंभ

Dehradun : देहरादून के ऐतिहासिक रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सरस फूड फेस्टिवल 2026 में देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, स्वाद और हस्तशिल्प की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी। इस राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय मंच पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण और शहरी महिलाएं अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगी। यह आयोजन न केवल पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देगा, बल्कि महिला उद्यमियों को बाजार से सीधे जोड़ने का बड़ा माध्यम भी बनेगा।

उत्तराखंड के 117 और देहरादून के 30 से अधिक स्वयं सहायता समूह शामिल

सरस फूड फेस्टिवल की नोडल अधिकारी अनीता पंवार के अनुसार, इस भव्य आयोजन में उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को अलग-अलग श्रेणियों में स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा अकेले देहरादून जिले की 30 से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह इस मेले का हिस्सा बन रही हैं। मेले में देश के अन्य राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आई लाभार्थी महिलाएं भी अपने स्थानीय और पारंपरिक खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगी।

लाइव फूड स्टॉल, हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम बनेंगे मुख्य आकर्षण

उत्सव के दौरान दर्शकों और शहरवासियों के लिए लाइव फूड स्टॉल, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट के विशेष सेक्शन तैयार किए गए हैं। यहाँ आने वाले लोगों को देश के अलग-अलग कोनों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद एक ही जगह पर मिलेगा। इसके साथ ही हस्तशिल्प और बुनकरों द्वारा तैयार उत्कृष्ट उत्पादों की सीधी बिक्री भी की जाएगी।

महिला सशक्तीकरण और वोकल फॉर लोकल को मिलेगा बढ़ावा

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बड़ा बाजार मंच प्रदान करना, उनके उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और स्वरोजगार को मजबूत करना है। सरस फूड फेस्टिवल के जरिए एक तरफ जहां देश की विविध खान-पान संस्कृति और हस्तकला का संगम देखने को मिलेगा, वहीं दूसरी ओर ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button