Main Slideन्यूज़ निबंध

उत्तराखंड का ‘सिलिकॉन वैली’ बनेगा द्वाराहाट: बीटीकेआईटी में जुटेगा देश-विदेश के वैज्ञानिकों का महाकुंभ, ‘सर्किट्स से चिप्स’ तक का खुलेगा नया द्वार

द्वाराहाट, अल्मोड़ा: विपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान द्वाराहाट में IEEE SSCS INSPIRE प्रोफेशनल ट्रेनिंग एवं सेमीकंडक्टर समर स्कूल 2026 का आयोजन 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इस वर्ष के कार्यक्रम की विषय वस्तु ‘फ्रॉम सर्किट्स टू चिप्स’ रखी गई है। इसी क्रम में संस्थान में IEEE इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन सेमीकंडक्टर्स, माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स, पैकेजिंग एंड कंप्यूटिंग टेक्नोलॉजीज (IEEE SiMPaCT 2026) का आयोजन 8 और 9 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश-विदेश के दिग्गज विशेषज्ञ होंगे शामिल

कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर, माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स, पैकेजिंग एवं कंप्यूटिंग तकनीकों के क्षेत्र में देश-विदेश के प्रतिष्ठित IITs, NITs, विश्वविद्यालयों एवं प्रमुख तकनीकी संस्थानों के वरिष्ठ प्रोफेसर, वैज्ञानिक, शोधकर्ता एवं उद्योग विशेषज्ञ प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों के लिए प्रोफेशनल ट्रेनिंग, तकनीकी व्याख्यान एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, तकनीकी शिक्षा सचिव रंजीत सिन्हा, प्रोफेसर एस. एन. सिंह (निदेशक ABV-IIITM ग्वालियर), प्रोफेसर योगेश चौहान, डॉक्टर मुकेश जेवरिया, दीपक माथुर सहित देश-विदेश के वरिष्ठ प्रोफेसर, वैज्ञानिक एवं शोधकर्ता अपेक्षित रूप से प्रतिभाग करेंगे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के अनेक तकनीकी विशेषज्ञ भी इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में शामिल होंगे।

सर्किट डिजाइन से लेकर चिप निर्माण तक का मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

IEEE SSCS INSPIRE प्रोफेशनल ट्रेनिंग एवं सेमीकंडक्टर समर स्कूल 2026 का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों को सेमीकंडक्टर एवं माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स के उभरते क्षेत्रों की नवीनतम तकनीकों तथा उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों से परिचित कराना है। प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं के दौरान सर्किट डिजाइन से लेकर चिप निर्माण तक की तकनीकी अवधारणाओं, आधुनिक सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी, माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स तथा संबंधित अनुसंधान क्षेत्रों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

संस्थान के निदेशक प्रोफेसर संतोषकुमार हम्पन्नावर के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को देश-विदेश के विशेषज्ञों के साथ संवाद करने तथा सेमीकंडक्टर एवं माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकी ज्ञान प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगा।

शोध और नई तकनीकों पर मंथन का मंच बनेगा सम्मेलन

IEEE SiMPaCT 2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सेमीकंडक्टर, माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स, पैकेजिंग एवं कंप्यूटिंग तकनीकों के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम अनुसंधान एवं तकनीकी विकास पर विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श होगा। सम्मेलन में शोधकर्ता अपने शोध कार्य प्रस्तुत करेंगे तथा देश-विदेश के विशेषज्ञों के साथ अकादमिक एवं अनुसंधान संबंधी संवाद स्थापित करेंगे। इससे विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को नवीनतम तकनीकी विकास तथा अनुसंधान के अवसरों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

संस्थान द्वारा इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। बीटीकेआईटी द्वाराहाट में आयोजित होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड में सेमीकंडक्टर एवं माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान एवं तकनीकी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से संवाद करने तथा आधुनिक तकनीकी ज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसरों से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा।

Related Articles

Back to top button