हाउस ऑफ हिमालयाज: बनेगा बड़ा ब्रांड, गुणवत्ता और मार्केटिंग पर जोर – मुख्य सचिव
मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में हाउस ऑफ हिमालयाज के निदेशक मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में मुख्य सचिव ने हाउस ऑफ हिमालयाज को एक प्रतिष्ठित और बड़े ब्रांड के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज की विशिष्ट पहचान को बनाए रखने के लिए इसके उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने इसके लिए प्रत्येक उत्पाद के गुणवत्ता मानक को सख्ती से निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जीआई टैगिंग (भौगोलिक संकेतक) से होने वाले लाभों को अधिकतम करने के लिए उत्पादों की उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। इसके लिए उन्होंने कृषि और अन्य संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांडिंग, मार्केटिंग और ई-कॉमर्स पर विशेष ध्यान
मुख्य सचिव ने हाउस ऑफ हिमालयाज को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए इसकी प्रभावी ब्रांडिंग और मार्केटिंग रणनीतियों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्पादों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और अपनी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बेचने के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी इसके आउटलेट्स का विस्तार किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्रों में लगातार नए और आकर्षक उत्पादों को शामिल करने पर भी जोर दिया।
किसानों को लाभ पहुंचाना मुख्य उद्देश्य: सचिव राधिका झा
बैठक में सचिव श्रीमती राधिका झा ने हाउस ऑफ हिमालयाज के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका लक्ष्य पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों को उनकी उपज के लिए उच्च प्रीमियम मूल्य प्रदान करके पहाड़ी खेती को अधिक लाभप्रद बनाना है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों से कृषि और अन्य उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करते हुए राज्य के प्रामाणिक और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों के माध्यम से उत्तराखण्ड के किसानों को सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इसके लिए विभिन्न प्रमुख ई-कॉमर्स साइटों के साथ-साथ राज्य के भीतर और बाहर आउटलेट्स स्थापित किए गए हैं।



