पीएम मोदी के जन्मदिवस पर 2100 दीपों से जगमगाया यमुना तट, सीएम धामी ने 7.52 करोड़ के नए स्नान घाट का किया लोकार्पण


देहरादून / कालसी,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर हरिपुर कालसी स्थित माँ यमुना का तट आस्था, संस्कृति और विकास के रंगों से सराबोर नजर आया। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 2100 दीपों की आलौकिक रोशनी से पूरा यमुना तट जगमगा उठा।
इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साधु-संतों, श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के साथ माँ यमुना की भव्य आरती में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने माँ यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा 7.52 करोड़ रुपये की लागत से विकसित अत्याधुनिक स्नान घाट को जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही माँ यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास भी संपन्न हुआ।
170 मीटर लंबा नया स्नान घाट और सुविधाएं
यमुना नदी के दाहिने तट पर विकसित यह नया स्नान घाट 170 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा है। एमडीडीए द्वारा निर्मित इस प्रोजेक्ट में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सौंदर्य का विशेष ध्यान रखा गया है। देहरादून-चकराता राष्ट्रीय राजमार्ग-507 पर स्थित हरिपुर कालसी क्षेत्र जौनसार-भाबर का मुख्य द्वार है और इसका ऐतिहासिक महत्व अशोक शिलालेख, देवस्थल मंदिर व अश्वमेघ यज्ञ स्थल से जुड़ा है।
सुरक्षा और मजबूती के दृष्टिकोण से तट पर 170 मीटर लंबी और 5 मीटर ऊंची दो आरसीसी दीवारें बनाई गई हैं। करीब 2000 वर्गमीटर क्षेत्र में आरसीसी और रेड सैंड स्टोन से बने दो प्लेटफॉर्म तथा आरती के लिए चार विशेष आरसीसी स्थल तैयार किए गए हैं।
सोलर लाइट और उच्च स्तरीय सुरक्षा इंतजाम
घाट पर रात्रि प्रकाश व्यवस्था के लिए 25 सोलर लाइटें लगाई गई हैं। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए शेड के साथ 12 बेंच और सुंदर प्लांटर्स स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, महिलाओं और पुरुषों के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय तथा पेयजल हेतु वाटर स्पाउट का निर्माण किया गया है। नदी किनारे सुरक्षा के लिए 300 मीटर लंबी एसएस रेलिंग और सुरक्षा चेन लगाई गई है।
प्रतिदिन आयोजित होगी माँ यमुना की महाआरती
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने जानकारी दी कि पहले हरिपुर में साप्ताहिक आधार पर आरती आयोजित की जाती थी, लेकिन अब नए घाट के विकसित होने से प्रतिदिन भव्य आरती के संचालन की सुविधा उपलब्ध हो गई है। यह नया ढांचा मानसून के दौरान यमुना के बढ़ते जलस्तर से तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा भी करेगा।
धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के अनुसार, हरिपुर कालसी में सुविधाओं से लैस घाट का निर्माण होने से श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों को भी विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा। इस नए आधारभूत ढांचे से जौनसार-भाबर क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों और स्थानीय पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी।



