सेवा संकल्प अभियान हरिद्वार: संस्कृत सचिव दीपक कुमार गैरोला ने यज्ञशाला में किया हवन-पूजन

हरिद्वार,उत्तराखंड शासन के संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार गैरोला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर हरिद्वार स्थित ऋषिकुल विद्यापीठ ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत महाविद्यालय की प्राचीन दिव्य यज्ञशाला में हवन-पूजन कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
संस्कृत शिक्षा सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन कर्मयोग की ओर प्रेरित करता है। देश के विकास में उनकी सेवा, समर्पण और जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रत्येक नागरिक को कर्तव्य बोध की याद दिलाता है।
संस्कृत छात्रों का मनोबल बढ़ाया
संस्कृत के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दीपक कुमार गैरोला ने कहा कि छात्र स्वयं को किसी भी रूप में हीन भावना से न देखें। सरकार संस्कृत और इसके विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह कृतसंकल्पित है तथा उनकी हर समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
भारतीय ज्ञान परंपरा और विकसित भारत का विज़न
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि और उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रोफेसर विनय विद्यालंकार ने वेदों के महत्व तथा यज्ञ की प्राचीन परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत अपनी प्राचीन ज्ञान परंपरा के मॉडल पर विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
रूस से आए प्रसिद्ध ज्योतिषी राजीव गुप्ता ने कहा कि वैश्विक पटल पर आज भारत को विशेष सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है। इस सशक्त भारत के निर्माण में संस्कृत भाषा और इससे जुड़े लोगों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
अतिथियों का किया गया नागरिक अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान ऋषिकुल विद्यापीठ के सचिव एवं नगर मजिस्ट्रेट हरिगिरि ने अतिथियों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. बलदेव प्रसाद चमोली ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. नवीन चंद्र पंत द्वारा किया गया।
इस अवसर पर संस्कृत शिक्षा के उपनिदेशक डॉ. वाजश्रवा आर्य, आचार्य चूड़ामणि परगांई, भास्कर शर्मा, महेश बहुगुणा, रमेश जोशी, उमा जोशी, चंपा जोशी, मनोज कुमार शर्मा, दीपक नागर, अमित शर्मा और सोहन शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



