Uttrakhand हल्द्वानी में CM धामी का बड़ा ऐलान: एशियाई कैडेट कप फेंसिंग का शुभारंभ, सरकारी नौकरियों में 4% खेल कोटा बहाल

खेल कोटा बहाल: उत्तराखंड के खेल जगत में एक नया अध्याय जुड़ गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में प्रतिष्ठित एशियाई कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा ऐलान करते हुए सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत खेल कोटे(खेल कोटा बहाल) को फिर से लागू करने की घोषणा की। यह निर्णय खिलाड़ियों की प्रतिभा और परिश्रम को उचित सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सीएम धामी का खिलाड़ियों को संदेश और सरकार का “विकल्प रहित संकल्प”
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये गुण न केवल उन्हें खेल में ऊंचाइयों पर ले जाएंगे, बल्कि समाज के सामने एक आदर्श भी स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का “विकल्प रहित संकल्प” उत्तराखंड को सभी क्षेत्रों में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है, और इसमें खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान होगा। सीएम ने सभी खिलाड़ियों से पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक रहने की भी अपील की।

खिलाड़ियों के लिए सरकारी प्रोत्साहन और सम्मान:
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सरकार की उन प्रमुख योजनाओं पर प्रकाश डाला, जो राज्य में खेलों को बढ़ावा दे रही हैं:
- सरकारी नौकरी में 4% आरक्षण: राज्य की राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटे को दोबारा लागू किया गया है।
- आर्थिक सम्मान: हाल ही में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस पर ₹50-50 लाख की सम्मान राशि से पुरस्कृत किया गया।
- प्रोत्साहन योजनाएं: राज्य में “मुख्यमंत्री खेल विकास निधि”, “मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना”, “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना” और “खेल किट योजना” जैसी योजनाओं के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
- पुरस्कार: “उत्तराखण्ड खेल रत्न पुरस्कार” और “हिमालय खेल रत्न पुरस्कार” देकर खिलाड़ियों की योग्यता को सम्मानित किया जा रहा है।

उत्तराखंड खेलों का नया हब:
मुख्यमंत्री ने बताया कि ₹517 करोड़ की लागत से उत्तराखंड में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए गए हैं। इसी का नतीजा है कि आज यह राज्य केवल राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए एक प्रमुख केंद्र बन रहा है, जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण यह “एशियन कैडेट कप” है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि हाल ही में राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार 7वां स्थान हासिल कर एक नया इतिहास रचा है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में फेंसिंग महासंघ के महासचिव श्री राजीव मेहता, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, श्री राम सिंह कैड़ा, श्री प्रमोद नैनवाल सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और देश-विदेश से आए खिलाड़ी मौजूद थे।



