Main Slideन्यूज़ निबंध

उत्तराखंडआपदा: सीएम धामी ने की प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा, बचाव कार्यों में तेजी के निर्देश

बचाव कार्यों में तेजी:देहरादून, उत्तराखंड, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईटी पार्क, देहरादून स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र से प्रदेश में भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों की गहन समीक्षा की उन्होंने विशेष रूप से चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के बाद चल रहे बचाव और राहत कार्यों को और तेज करने के निर्देश दिए।

बचाव कार्यों में तेजी ,घायलों को एयरलिफ्ट करने का निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी से नंदानगर में आपदा की पूरी जानकारी ली। उन्होंने गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को तुरंत बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री सुबह से ही आपदा परिचालन केंद्र और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में थे, ताकि राहत और बचाव कार्य प्रभावी ढंग से चल सकें।

मूलभूत सुविधाएं बहाल करने पर जोर

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कें, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था और नेटवर्क कनेक्टिविटी को जल्द से जल्द बहाल किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रभावित लोगों के लिए आश्रय, भोजन, साफ पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों। इसके साथ ही, हर प्रभावित क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों और दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके।

राहत सामग्री वितरण में तेजी लाने का आदेश

नंदानगर में आपदा की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल ने तुरंत कार्रवाई की, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। वर्तमान में, क्षेत्र में राहत कार्य पूरी तत्परता और समन्वय के साथ जारी हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित गांवों के प्रत्येक परिवार तक राहत सामग्री जल्द से जल्द पहुंचाई जाए। इस दौरान, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Photo DIPR Uttrakhand

Related Articles

Back to top button