Main Slideन्यूज़ निबंध

उत्तराखंड का सबसे ऊंचा तिरंगा: सीएम धामी ने खटीमा में किया 213 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण, ₹20.89 करोड़ की सड़क का शिलान्यास भी

उत्तराखंड का सबसे ऊंचा तिरंगा: खटीमा (उत्तराखंड), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा को बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने खटीमा नगर के कंजाबाग तिराहे पर उत्तराखंड के सबसे ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया। इस गौरवशाली तिरंगे ध्वज की ऊंचाई 65 मीटर (लगभग 213 फीट) है। इससे पहले राज्य का सबसे ऊंचा ध्वज सितारगंज में 208 फीट का था।

उत्तराखंड का सबसे ऊंचा तिरंगा- ध्वज स्थल ‘नो वेंडिंग जोन’

लगभग 47 लाख 82 हजार रुपये की लागत से लघु सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित यह राष्ट्रीय ध्वज अब खटीमा की पहचान बनेगा। सीएम धामी ने कहा कि यह ध्वज देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सेनानियों की याद दिलाएगा और युवाओं को राष्ट्रभक्ति के लिए प्रेरित करेगा। प्रशासन ने ध्वज स्थल की 50 मीटर की परिधि को ‘नो वेंडिंग जोन’ (No Vending Zone) घोषित किया है।

₹20.89 करोड़ के राज्यमार्ग का शिलान्यास

राष्ट्रीय ध्वज के लोकार्पण से पूर्व, सीएम धामी ने मेलाघाट इलाके में खटीमा-मेलाघाट राज्यमार्ग संख्या 107 के पुनर्निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना की लागत 20 करोड़ 89 लाख रुपये है।

इस राज्यमार्ग में 11.50 किलोमीटर लंबी सड़क का सुदृढ़ीकरण, ड्रेनेज सिस्टम, रोड साइनेज और सड़क सुरक्षा कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सड़क भारत-नेपाल सीमावर्ती संपर्क का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके सुधरने से सीमावर्ती व्यापार, पर्यटन और शिक्षा से जुड़े अवसरों को नई दिशा मिलेगी, साथ ही खटीमा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम यातायात की सुविधा भी मिलेगी।

हंस फाउंडेशन की 9 मोबाइल मेडिकल यूनिट एंबुलेंस रवाना

बुधवार देर शाम खटीमा पहुंचे सीएम धामी ने गुरुवार सुबह हंस फाउंडेशन द्वारा प्रदान की गई 9 मोबाइल मेडिकल यूनिट एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये एंबुलेंस राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री चंपावत जिले के टनकपुर दौरे के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button