Main Slideन्यूज़ निबंध

Udham Singh Nagar :खंकरा नदी के उफान से वनगवां गांव में जलभराव, 20 परिवार प्रभावित; प्राथमिक विद्यालय रघुलिया में बनाए गए राहत शिविर

उधम सिंह नगर / खटीमा

खटीमा क्षेत्र में सोमवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण खंकरा नदी उफान पर आ गई है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण समीपवर्ती वनगवां गांव में भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे गांव के लगभग 20 परिवार पानी की चपेट में आ गए।

प्रशासनिक टीम ने संभाला मोर्चा, प्राथमिक विद्यालय में बनाए राहत शिविर

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों पर उपजिलाधिकारी (SDM), एसडीआरएफ (SDRF), पुलिस और खाद्य रसद विभाग की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। SDRF और स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तुरंत बचाव अभियान चलाते हुए प्राथमिक विद्यालय रघुलिया में बने राहत शिविर में प्रभावित परिवारों को सुरक्षित विस्थापित करना शुरू कर दिया।

अधिकारियों ने राहत शिविर का लिया जायजा, भोजन व पानी की व्यवस्था के निर्देश

हालात की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा तथा एसडीएम तुषार सैनी खुद रघुलिया स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

जिलाधिकारी ने तहसील व खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत शिविर में रह रहे लोगों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा की सभी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

अंधेरा होने से पहले सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील

जिलाधिकारी ने सभी प्रभावित ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी ग्रामीण अंधेरा होने से पहले ही राहत शिविर में आ जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि जब तक क्षेत्र में स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक प्रशासन हर संभव मदद उपलब्ध कराता रहेगा। साथ ही एसडीआरएफ और पुलिस टीमों को 24 घंटे मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button