‘हनुमान अंश’ की बंपर सफलता से बॉलीवुड को मिला नया ट्रेंड, कतार में हैं ये अपकमिंग भक्ति और पौराणिक फिल्में


मुंबई,फिल्म ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर मिली ऐतिहासिक सफलता ने भारतीय सिनेमा में भक्ति और सांस्कृतिक कहानियों का एक नया दौर शुरू कर दिया है। इस फिल्म के शानदार प्रदर्शन और 300 करोड़ रुपये से अधिक के वैश्विक कलेक्शन के बाद निर्माताओं का ध्यान अब आध्यात्मिक और धार्मिक विषयों की ओर तेजी से बढ़ा है।
भारतीय सिनेमा में भक्ति फिल्मों का दौर सदैव स्वर्णिम रहा है, जहाँ पौराणिक और आध्यात्मिक कहानियों ने दर्शकों को थिएटर्स तक खींचा। शुरुआती दौर में दादासाहब फाल्के की ‘राजा हरिश्चंद्र’ से शुरू हुआ यह सफर 1970 के दशक में अपनी नई ऊंचाइयों पर पहुँचा।
साल 1975 में रिलीज हुई ‘जय संतोषी मां’ भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर भक्ति फिल्म बनकर उभरी। कम बजट में बनी इस फिल्म ने उस समय शोले जैसी बड़ी फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व कमाई की और लोगों के बीच संतोषी मां की भक्ति का एक नया दौर शुरू कर दिया। इसके अलावा संपूर्ण रामायण’, ‘हर हर महादेव’, ‘जय बजरंग बली’ और ‘शिर्डी के साईं बाबा’ जैसी फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित किए।
भक्ति फिल्में न केवल व्यापारिक रूप से सफल रहीं, बल्कि उन्होंने भारतीय समाज और संस्कृति पर भी अपनी गहरी छाप छोड़ी।
आने वाले दिनों में सिनेमाघरों में कई प्रमुख भक्ति फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं।
खाटू श्याम बाबा के जीवन पर फिल्म की घोषणा
खाटू श्याम बाबा की अपार महिमा और भक्तों की अगाध आस्था पर आधारित फिल्म ‘हारे के सहारे खाटू श्याम हमारे’ की औपचारिक घोषणा की गई है। इस फिल्म में बाबा खाटू श्याम के जीवन और उनकी भक्ति के प्रभाव को बड़े पर्दे पर दर्शाया जाएगा।
महाकवि तुलसीदास पर दो फिल्मों का ऐलान
रामचरितमानस के रचयिता महाकवि तुलसीदास के जीवन पर दो बड़ी फिल्में बनने जा रही हैं। ‘सम्राट पृथ्वीराज’ के निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने फिल्म ‘रांबोला’ की घोषणा की है। वहीं दूसरी तरफ, ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने भी तुलसीदास जी के जीवन पर आधारित अपने नए प्रोजेक्ट का ऐलान किया है।
साईं बाबा की जीवनगाथा ‘तेरा साईं’
संजय मिश्रा और पलाश मुच्छल की जोड़ी फिल्म ‘तेरा साईं’ लेकर आ रही है। यह फिल्म शिरडी के साईं बाबा के विचारों, चमत्कारिक प्रसंगों और उनकी जीवन यात्रा पर आधारित होगी।
सात भागों में बनेगी ‘श्रीमद्भागवतम्’
भारतीय पौराणिक ग्रंथों पर आधारित एक बड़ा प्रोजेक्ट ‘श्रीमद्भागवतम्’ भी लाइनअप में है, जिसे सात अलग-अलग भागों में निर्मित किया जाएगा। इसके पहले भाग ‘श्रीमद्भागवतम् भाग 1: विष्णुरत’ का टीज़र पोस्टर हाल ही में जारी किया गया है।
‘हनुमान अंश’ का सीक्वल भी तय
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल की घोषणा की है। इस नए भाग में नीम करोली बाबा के शुरुआती जीवन और उनके आध्यात्मिक सफर की कहानी को विस्तार से दिखाया जाएगा।
‘कृष्णावतारम’ का दूसरा पार्ट
हाल ही में रिलीज हुई ‘कृष्णावतारम भाग 1’ की सफलता के बाद निर्माताओं ने इसके दूसरे भाग ‘कृष्णावतारम भाग 2’ पर काम शुरू कर दिया है।
संस्कृतिक और आध्यात्मिक विषयवस्तु वाली इन फिल्मों की घोषणाओं से साफ है कि आने वाले समय में दर्शकों को सिनेमाघरों में भारतीय परंपरा और आस्था से जुड़ी कहानियां बड़े पैमाने पर देखने को मिलेंगी।





