चंपावत को सीएम धामी ने दी 96 करोड़ की सौगात: 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने चंपावत दौरे के दौरान जिले वासियों को लगभग 96 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी है। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण करने के साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की।
96 करोड़ रुपये की 16 विकास योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय दौरे में कुल 95.99 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 67.24 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28.76 करोड़ रुपये की 5 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
लोकार्पित की गई प्रमुख परियोजनाएं इस प्रकार हैं:
- सड़क निर्माण एवं उच्चीकरण कार्य
- सर्किट हाउस का विस्तारीकरण
- आईटीआई में कार्यशाला और तकनीकी प्रयोगशाला
- नया कलेक्ट्रेट भवन
- दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क की सुविधा
- टनकपुर में 98 बेड का महिला छात्रावास
- नागार्जुन पार्क का सौंदर्यीकरण और शवदाह गृह में आधुनिक सुविधाएं
इसके अलावा शिलान्यास की गई योजनाओं में विभिन्न गांवों में चेन लिंक फेंसिंग, राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में नए कक्षा-कक्ष, छतार में कुमाऊंनी शैली का घंटाघर, देवीधुरा में मल्टीलेवल पार्किंग और सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना शामिल है।
आदर्श चंपावत का निर्माण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत को एक आदर्श जिले के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच सके।
बार एसोसिएशन के समारोह में शिरकत और हनुमान प्रतिमा का अनावरण
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए चेंबर, सुगम वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की घोषणा की।
इसके साथ ही, सीएम धामी ने बनबसा में 11 फीट ऊंची भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया और युवाओं को प्रेरित करने के लिए ‘नशामुक्ति सद्भावना दौड़’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।



