Hills to Hi-Tech उत्तराखंड AI इम्पैक्ट समिट 2025 देहरादून में, पर्वतीय राज्य में तकनीक आधारित सुशासन को मिलेगी नई दिशा

Hills to Hi-Tech:देहरादून, उत्तराखंड में तकनीक आधारित सुशासन और नवाचार को नई दिशा देने के उद्देश्य से, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तराखण्ड शासन द्वारा कल यानी 17 अक्टूबर को “उत्तराखण्ड एआई इम्पैक्ट समिट 2025” का आयोजन देहरादून स्थित होटल रामाडा में किया जा रहा है।
Hills to Hi-Tech डिजिटल क्रांति का प्रतीक
इस वर्ष समिट की थीम Hills to Hi-Tech रखी गई है, जो पर्वतीय राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से तकनीकी उत्थान और डिजिटल क्रांति का प्रतीक है। यह समिट इंडिया – एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का एक महत्वपूर्ण प्री-कर्सर (Precursor) भी है।
मुख्य अतिथि और प्रमुख प्रतिभागी
समिट का उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि, केंद्रीय राज्य मंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार जितिन प्रसाद होंगे।
कार्यक्रम में MeitY, इंडिया एआई मिशन, एनआईसी (NIC), आईआईटी रुड़की, आईआईएम काशीपुर, यूकॉस्ट (UCOST), यू.पी.ई.एस. (UPES) जैसी देश की प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधि और प्रदेश के अग्रणी स्टार्टअप्स भी शामिल होंगे। यह आयोजन उत्तराखंड के युवाओं और तकनीकी समुदाय को राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
तकनीकी सत्रों का मुख्य आकर्षण
समिट के तकनीकी सत्रों में AI आधारित नवाचार, उद्यमिता और शोध के नए आयामों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे:
- विशेषज्ञ चर्चा: आईआईटी रुड़की (TIDES), आईआईएम काशीपुर (FIED) और ओमनीप्रेजेंट टेक के विशेषज्ञ AI आधारित समाधानों पर सत्र लेंगे।
- स्टार्टअप इनोवेशन: STPI और IIM काशीपुर समर्थित स्टार्टअप्स अपने इनोवेशन प्रस्तुत करेंगे, जिससे राज्य के युवाओं को तकनीकी दिशा में प्रेरणा मिलेगी।
- एनआईसी की एआई सेवाएं: एनआईसी मुख्यालय की उपमहानिदेशक श्रीमती शर्मिष्ठा दास एनआईसी की AI सेवाओं पर एक विशेष सत्र प्रस्तुत करेंगी।
पैनल चर्चा और विज़न
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पैनल चर्चा रहेगी, जिसका विषय “वैश्विक एआई प्रवृत्तियाँ एवं विकास: उत्तराखण्ड पर प्रभाव” है। इसकी अध्यक्षता यू.पी.ई.एस. के कुलपति प्रो. राम शर्मा करेंगे, जो वैश्विक AI ट्रेंड्स और उत्तराखंड के लिए इसकी संभावनाओं पर गहन मंथन करेंगे।
यह समिट उत्तराखंड को तकनीक और सुशासन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के राज्य सरकार के विजन को मजबूती प्रदान करेगी। कार्यक्रम का समापन आईटीडीए के महाप्रबंधक राम एस. उनियाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ होगा।



