बदरीनाथ धाम के कपाट खुले: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का भव्य आगाज, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
प्रशासन की ओर से बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं
बदरीनाथ धाम के कपाट खुले:उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का इंतजार खत्म हुआ। भगवान बद्रीनाथ के कपाट गुरुवार सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं। कपाट खुलने की इस पावन घड़ी के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से लगभग 15 हजार श्रद्धालु धाम पहुंचे, जिससे पूरा बदरीनाथ क्षेत्र जय बदरी विशाल के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाटोद्घाटन के इस शुभ अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी के भी दर्शन किए।

श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यात्रियों से फीडबैक लिया और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए सभी भक्तों से हरित और स्वच्छ चारधाम यात्रा में सहयोग करने का आग्रह किया।
बदरीनाथ धाम के कपाट खुले मंदिर प्रांगण में उत्सव जैसा माहौल दिखा। माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागर और झुमैलो नृत्य प्रस्तुत कर देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। मुख्यमंत्री ने धाम में श्रद्धालुओं के लिए संचालित विशाल भंडारे का शुभारंभ किया और खुद भी प्रसाद ग्रहण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी और जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे



