Main Slideन्यूज़ निबंध

भावभीनी श्रद्धांजलि:मेजर जनरल बी सी खंडूरी का जीवन सैनिक और दूरदर्शी प्रशासक का अनूठा संगम- सीएम धामी

सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि, बताया उत्तराखंड का विकास पुरुष

बी सी खंडूरी:देहरादून , मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट स्थित स्वर्गीय हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल में आयोजित विशेष श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत सरकार के पूर्व मंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी( बी सी खंडूरी)के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

पहाड़ की आवाज को पहुंचाया राष्ट्रीय मंच तक


मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना से रिटायर होने के बाद भी बी सी खंडूरी जी का जनसेवा का संकल्प थमा नहीं। साल 1991 में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने संसद में अलग उत्तराखंड राज्य की मांग को पूरी मजबूती से उठाया। वह पांच बार सांसद रहे और उन्होंने पहाड़ की आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। उनके ओजस्वी विचारों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन को एक नई ऊर्जा देने का काम किया। mbi -Desk

1971 के युद्ध में दिखाया था अद्वितीय साहस


मुख्यमंत्री धामी ने उनके सैन्य जीवन को याद करते हुए कहा कि भारतीय सेना में रहते हुए उन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध में बेहतरीन साहस, नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक कुशलता का परिचय दिया था। सेना के इंजीनियरिंग विंग में रहते हुए भी उन्होंने सीमांत क्षेत्रों के विकास और बुनियादी ढांचे के निर्माण में बड़ा योगदान दिया। देश के प्रति उनकी शानदार सेवाओं के लिए उन्हें ‘अति विशिष्ट सेवा मेडल’ से भी सम्मानित किया गया था, जो उनकी कर्तव्यपरायणता का सबसे बड़ा सबूत है।

सड़क परिवहन और सुशासन में ऐतिहासिक योगदान


मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री के रूप में खण्डूड़ी जी ने देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई थी। देश की प्रसिद्ध स्वर्णिम चतुर्भुज योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी बड़ी परियोजनाओं को रफ्तार देने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में भी उन्होंने सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को सरकारी कामकाज का आधार बनाया और राज्य के विकास को एक नई दिशा दिखाई।

श्रद्धांजलि सभा में विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वामी रामदेव, विभिन्न साधु-संतों सभी ने जनरल खंडूरी के साथ बिताए हुए पलों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Read Also – पद्म भूषण: सीएम पुष्कर धामी ने भगत सिंह कोश्यारी को घर जाकर दी बधाई, बताया उत्तराखंड का गौरव

Related Articles

Back to top button