देहरादून में 26 सितम्बर से स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिताएं, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने तैयारियों की समीक्षा की

देहरादून, देहरादून विकास भवन सभागार में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत राज्य के शिक्षण संस्थानों में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों से अब तक की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आगामी प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
विद्यालयों में 26 सितम्बर से ‘मेरे सपनों का भारत’ शीर्षक के अंतर्गत विविध प्रतियोगिताएं शुरू की जाएंगी। इसमें छात्र-छात्राएं ‘विकसित भारत के संकल्प’ और ’25 वर्षों के कार्यों एवं उपलब्धियों’ जैसे विषयों पर निबंध लेखन, भाषण तथा चित्रकला प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इन स्पर्धाओं का आयोजन सबसे पहले विद्यालय स्तर पर किया जाएगा। इसके बाद जनपद स्तरीय समारोह आयोजित कर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और उनके द्वारा बनाए गए उत्कृष्ट चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को अपने नए एवं रचनात्मक विचार व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि देश की युवा पीढ़ी एक विकसित भारत की कल्पना किस रूप में करती है और राष्ट्र निर्माण में अपनी क्या भूमिका देखती है।
उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए संवाद, कला और कहानी लेखन प्रतियोगिताएं रखी गई हैं, जिनके माध्यम से युवा विकसित भारत पर अपने सुझाव प्रस्तुत कर सकेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूलों और कॉलेजों तक समय से जानकारी पहुँचाई जाए और जनपद स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयनित प्रविष्टियों की सूची समय पर तैयार रखी जाए।



