Main Slideन्यूज़ निबंध

Bungalow Politics: केजरीवाल पर बीजेपी का आरोप, प्रवेश वर्मा ने कहा रहमान डकैत

वर्मा के अनुसार, केजरीवाल ने पंजाब में भी एक शीशमहल बनाया था और अब दिल्ली में फिर से वही दोहरा रहे हैं

Bungalow Politics:नया ठिकाना या शीशमहल-2 शीर्षक के साथ भाजपा ने अरविंद केजरीवाल के नए बंगले की तस्वीरें जारी कर उन पर तीखे सवाल दागे हैं। दिल्ली के नेता प्रवेश वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि केजरीवाल लंबे समय से सरकारी बंगले की मांग कर रहे थे और अब लोधी एस्टेट में उन्हें जो नया आवास मिला है, उसकी तस्वीरें बेहद चौंकाने वाली हैं।

Bungalow Politics केजरीवाल ने अब लोधी एस्टेट में अपने लिए शीशमहल-2 तैयार कर लिया है, प्रवेश वर्मा ने तंज कसा

प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल की तुलना एक फिल्मी डकैत से करते हुए तंज कसा कि जिस तरह फिल्मों के सीक्वल आते हैं, उसी तरह केजरीवाल ने अब लोधी एस्टेट में अपने लिए शीशमहल-2 तैयार कर लिया है। वर्मा ने कहा कि जो व्यक्ति कभी सादगी और आम आदमी की तरह रहने का दावा करता था, वह आज दिल्ली के सबसे महंगे और आलीशान इलाके 94-95 लोधी एस्टेट में शिफ्ट हो गया है। उन्होंने सवाल किया कि आम आदमी पार्टी का नाम अब आलीशान आदमी पार्टी होना चाहिए और केजरीवाल को यह बताना चाहिए कि इस नए बंगले में किसका पैसा निवेश किया गया है।

पंजाब और दिल्ली की स्थिति की तुलना करते हुए भाजपा नेता ने दावा किया कि दिल्ली में राजनीतिक आधार खिसकने के बाद केजरीवाल ने पंजाब का रुख किया और वहां के मुख्यमंत्री भगवंत मान की मुश्किलें बढ़ा दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में मुख्यमंत्री आवास के पास स्थित चार बड़े सरकारी बंगलों पर केजरीवाल और उनके करीबी नेताओं का कब्जा है। वर्मा के अनुसार, केजरीवाल ने पंजाब में भी एक शीशमहल बनाया था और अब दिल्ली में फिर से वही दोहरा रहे हैं।

प्रवेश वर्मा ने पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जब दिल्ली कोविड की लहर से जूझ रही थी और लोग दवाइयों के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब केजरीवाल के पुराने बंगले का काम एक दिन के लिए भी नहीं रुका था। नए घर का लेआउट दिखाते हुए उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल ने इतनी मेहनत दिल्ली की समस्याओं को सुलझाने में की होती, तो उनके कार्यकर्ता आज पार्टी छोड़कर नहीं जाते।

बीजेपी ने स्पष्ट आरोप लगाया कि केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है। पार्टी का कहना है कि एक तरफ दिल्ली की बुनियादी सुविधाएं दम तोड़ रही हैं और दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के मुखिया लगातार आलीशान बंगले बदल रहे हैं। फिलहाल इन गंभीर आरोपों पर आम आदमी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है, लेकिन इस मामले ने दिल्ली में Bungalow Politics को एक बार फिर गर्मा दिया है।

Read Also – शेर का फेस और आपका फ्रेम परफेक्ट आना चाहिए.गोरखपुर में रवि किशन बने सीएम योगी के ‘डायरेक्टर’,गूंजे ठहाके

Related Articles

Back to top button