चम्पावत :खाई में गिरी कार से चार घायलों का रेस्क्यू, एक की मौत, डीएम मनीष कुमार पहुंचे मौके पर

चम्पावत,राष्ट्रीय राजमार्ग 09 पर बनलेख के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाहन संख्या यूके 05 टीए 5045 के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम चम्पावत द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचित किया गया।

तत्काल एक्शन में आया जिला प्रशासन
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और 108 आपातकालीन सेवा को तुरंत सक्रिय किया। चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से रेस्क्यू की स्थिति की जानकारी ली।
संयुक्त अभियान चलाकर निकाला घायलों को बाहर
पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए खाई में गिरे वाहन से सभी चार घायलों को बाहर निकाला। घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए तत्काल जिला चिकित्सालय चम्पावत पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु की दुखद सूचना भी प्राप्त हुई है।
डीएम ने दिए बेहतर उपचार के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के त्वरित और समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मौके पर राहत कार्य में जुटी एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता की सराहना की।
रेस्क्यू टीम में ये लोग रहे शामिल
इस रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राम सिंह धोनी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, किशोर सिंह, अमित मिश्रा तथा होमगार्ड दीपक, कमल कुमार व नीरज सिंह समेत पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही। मौके पर एसडीएम बी.सी. पंत और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल भी उपस्थित रहे.



