छात्रों के सवाल- सीएम के जवाब : बदलती तकनीक के अनुसार फ्यूचर रेडी बनें युवा – मुख्यमंत्री धामी

रिवर्स माइग्रेशन हमारी प्राथमिकता
देश की पांचवी साइंस सिटी का हो रहा निर्माण
देहरादून,दून विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्र-छात्राओं से विस्तृत बातचीत की। इस संवाद में युवाओं ने राज्य में पलायन रोकने, नए रोजगार पैदा करने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी बदलावों के बीच रोजगार की संभावनाओं तथा देहरादून शहर की ट्रैफिक समस्या को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी।
रोजगार और स्वरोजगार से रुक रहा पलायन

युवाओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और सौर स्वरोजगार योजना के साथ-साथ राज्य की नई पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के माध्यम से स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों के जरिए ग्रामीण एवं स्थानीय आजीविका के संसाधनों को मजबूती प्रदान की जा रही है।
उत्तराखंड को उच्च शिक्षा और विज्ञान का हब बनाने की पहल
उच्च शिक्षा सुधारों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के शैक्षणिक संस्थानों के आधुनिकीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण कराया जा रहा है, जो विज्ञान, अनुसंधान और तकनीक में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए नए द्वार खोलेगी।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बदलती तकनीक के अनुरूप बने फ्यूचर रेडी
एआई और आधुनिक तकनीक पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे समय की मांग के अनुसार अपने कौशल को लगातार अपडेट करते रहें। उन्होंने कहा कि तकनीक में हो रहे तीव्र परिवर्तन रोजगार के पारंपरिक स्वरूप को बदल रहे हैं। ऐसे में युवाओं को नए दौर के हुनर सीखकर फ्यूचर रेडी बनने की आवश्यकता है।
देहरादून में ट्रैफिक जाम की समस्या के लिए एलिवेटेड रोड परियोजना
शहर में बढ़ती यातायात की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके स्थायी समाधान के लिए सरकार गंभीर प्रयास कर रही है। देहरादून में बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड का निर्माण करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इन परियोजनाओं के पूरे होने से शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और आम जनता को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी



