Main Slideन्यूज़ निबंध

Champawat News: मां पूर्णागिरि मंदिर रोपवे परियोजना का डीएम मनीष कुमार ने निरीक्षण कर दिए काम में तेजी के निर्देश

चंपावत / टनकपुर,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों के कायाकल्प और सुगम आवागमन की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ‘मां पूर्णागिरि रज्जू मार्ग’ (रोपवे) परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी ला दी गई है। चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने टनकपुर स्थित परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण प्रगति का जायजा लिया और कार्यदायी संस्था को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

अत्याधुनिक प्रणाली से 5 मिनट में पूरे होंगे दर्शन

टनकपुर में लगभग 45 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बन रहा यह रोपवे अत्याधुनिक Tri-Cable Jig-Back सिस्टम पर आधारित है। प्रोजेक्ट मैनेजर महेंद्र सिंह के अनुसार, 950 मीटर लंबी और करीब 250 मीटर ऊंची इस परियोजना में 60+1 क्षमता के दो विशाल केबिन लगाए जा रहे हैं।

इस प्रणाली से प्रति घंटे लगभग 800 श्रद्धालु यात्रा कर सकेंगे। जहां पहले मंदिर तक चढ़ाई में लंबा समय लगता था, वहीं अब श्रद्धालु महज 5 मिनट में सुरक्षित और सुगम तरीके से मां पूर्णागिरि धाम पहुंच सकेंगे।

बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए वरदान बनेगी परियोजना

पूर्णागिरि धाम में प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। रोपवे सेवा शुरू होने से विशेष रूप से वृद्धजनों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए दर्शन प्रक्रिया बेहद आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन गतिविधियों में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। इससे न केवल श्रद्धालुओं के यात्रा अनुभव में सुधार आएगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर व्यापार, परिवहन और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी (SDM) टनकपुर प्रमोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button