Main Slideन्यूज़ निबंध

SIR अभियान बागेश्वर : DM अपूर्वा पांडे ने कपकोट के बूथ पर नोटिस सुनवाई प्रक्रिया का किया निरीक्षण

बागेश्वर / कपकोट,विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पांडे ने कपकोट विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ मतदेय स्थल बाजीरोट (बूथ संख्या 154) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ पर दावे और आपत्तियों से संबंधित जारी किए गए नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया का जायजा लिया।

बाजीरोट बूथ पर कुल 493 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें से 212 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी संबंधित नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) से भी संवाद कर फीडबैक लिया।

जीआईसी बाजीरोट में पेयजल और खेल सुविधाओं का विस्तार

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) बाजीरोट परिसर का भी दौरा किया। उन्होंने कक्षाओं, भोजन कक्ष और शौचालयों की स्थिति का जायजा लेते हुए विद्यालय की मूलभूत आवश्यकताओं की जानकारी ली।

छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक और खेल माहौल उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण के साथ-साथ परिसर में रनिंग ट्रैक, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण करने हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाएं।

इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय के पीछे क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का पुनर्निरमाण कराने तथा पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए संस्थान को जल जीवन मिशन योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अनिल चनियाल, सहायक एईआरओ भुवन चंद, बीएलओ हेमा, प्रभारी प्रधानाचार्य मुकेश सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button