Main Slideन्यूज़ निबंध

DM Dehradun :आईटी पार्क जलभराव का स्थायी समाधान: सितंबर तक पूरा होगा विस्तृत सर्वेक्षण, बनेगा ड्रेनेज मास्टर प्लान

देहरादून,देहरादून के आईटी पार्क क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले गंभीर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला प्रशासन ने बड़े पैमाने पर तकनीकी और मैदानी कवायद शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार में सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, सिडकुल और अनुसंधान एवं नियोजन खंड के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें सुव्यवस्थित और वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

सितंबर माह में पूरा होगा आईटी पार्क का विस्तृत तकनीकी सर्वेक्षण

मानसून के समय सड़कों पर जलभराव की चुनौती से निपटने के लिए जिलाधिकारी ने चिन्हित कंसल्टेंसी एजेंसी को आईटी पार्क क्षेत्र का गहन सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली से एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधियों ने भी इस बैठक में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जलभराव का स्थायी समाधान केवल तात्कालिक पानी निकासी से संभव नहीं है। इसके लिए क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक जल निकासी के मार्गों, वर्षा जल के प्रवाह और वर्तमान ड्रेनेज व्यवस्था का समग्र तकनीकी अध्ययन किया जाएगा। विस्तृत सर्वेक्षण का काम सितंबर माह तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई है।

शासन को भेजा जाएगा प्रभावी ड्रेनेज मास्टर प्लान

कंसल्टेंसी एजेंसी द्वारा तैयार सर्वेक्षण रिपोर्ट और प्रस्तावित समाधानों का तकनीकी स्तर पर गहन परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद एक समग्र और प्रभावी ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार कर शासन स्तर पर उच्चाधिकारियों के समक्ष स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

जलभराव की समस्या समाप्त होने से आईटी पार्क स्थित कंपनियों के कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों और सहस्रधारा मार्ग से गुजरने वाले आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, अधिशासी अभियंता भृगुनाथ द्विवेदी, सिडकुल के एजीएम विनय शंकर, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ई.आर. पुरुषोत्तम सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button