उत्तराखंड: मिलावटखोरी पर लगेगी लगाम, सख्त होगी कार्रवाई – मुख्य सचिव

मिलावटखोरी पर लगेगी लगाम:उत्तराखंड, 14 अगस्त 2025: उत्तराखंड सरकार खाद्य सुरक्षा और स्वस्थ आहार को लेकर सख्त हो गई है। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय सलाहकार समिति की 5वीं बैठक में मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। बैठक में विशेष रूप से दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश के एफडीए के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
मिलावटखोरी पर लगेगी लगाम–होगी कड़ी कार्रवाई
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि मिलावटखोरी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमित रूप से कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, न्यायालयों में भी मजबूती से पैरवी करने को कहा गया है ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके। उन्होंने उत्तर प्रदेश के एफडीए के साथ सूचनाएं साझा कर खाद्य उत्पादों की निगरानी और प्रवर्तन को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
फूड टेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर होगा मजबूत
राज्य में खाद्य उत्पादों की जांच को और तेज और सटीक बनाने के लिए फूड टेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का निर्णय लिया गया है। टेस्टिंग लैब की संख्या बढ़ाने और ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे खाद्य नमूनों की जांच समय पर और सही तरीके से हो पाएगी।
बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित भोजन
मुख्य सचिव ने मिड डे मील और आंगनवाड़ी केंद्रों में दिए जाने वाले टेक होम राशन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है। इसका मकसद बच्चों और गर्भवती/धात्री माताओं को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।
यूज्ड कुकिंग ऑयल को फूड चेन से हटाने की पहल
बैठक में ‘यूज्ड कुकिंग ऑयल’ (UCO) को खाद्य श्रृंखला से बाहर करने के लिए एक मजबूत कलेक्शन मैकेनिज्म तैयार करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि जब तक यह व्यवस्था सुदृढ़ नहीं होगी, तब तक पुराने तेल का दुरुपयोग रोकना मुश्किल होगा।
स्ट्रीट फूड वेंडर्स को भी मिल रहा है प्रशिक्षण
सचिव आर. राजेश कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1684 खाद्य सैंपल लिए गए थे, जिनमें से 62 असुरक्षित और 78 घटिया पाए गए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस (07 जून 2025) के अवसर पर शुरू किए गए ‘सर्व सेफ फूड’ कार्यक्रम के तहत, कुमाऊँ क्षेत्र में 1,000 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा के मानकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक रुद्रपुर और काशीपुर में 540 वेंडर्स को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जबकि बाकी 460 को जल्द ही चंपावत, रानीखेत, अल्मोड़ा और बागेश्वर में प्रशिक्षित किया जाएगा।
इस बैठक में सचिव रविनाथ रमन,चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव श्रीमती अनुराधा पाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



