जी बी पंत ने देश को नयी दिशा दी- मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, देहरादून में भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के 135 वें जन्मदिन समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने अपने आवास पर पंडित गोविंद बल्लभ पंत को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाजसेवी और कुशल प्रशासक थे। उन्होंने देश को नई दिशा देने के साथ ही कुली बेगार प्रथा और जमींदारी उन्मूलन के लिए निर्णायक संघर्ष कर समाज में व्याप्त बुराइयों को मिटाने में अहम भूमिका निभाई। देश की आजादी से पूर्व और आजादी के बाद के उनके कार्य हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड युवा राज्य है। 2025 में हम राज्य की स्थापना की रजत जयंती मनायेंगे। तब तक उत्तराखंड हर क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में होगा, इसके लिए सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। इस अवसर पर हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने देश की आजादी के लिए पूरा जीवन खपाया। उन्होंने पहाड़ के विकास और संस्कृति के संरक्षण का कार्य किया। उन्होंने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत देवभूमि उत्तराखंड के गौरव और सम्मान हैं।